केंद्रीय मंत्री सुरेश प्रभु और केरल के मुख्यमंत्री पिनरई विजयन ने रविवार को कन्नूर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन किया। अब केरल देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है, जहां 4 इंटरनेशनल एयरपोर्ट हैं। कन्नूर के अलावा तिरुवंनतपुरम, कोच्चि और कोझिकोड़ में पहले से ही इंटरनेशनल एयरपोर्ट हैं।
1800 करोड़ रुपए हुए खर्च
कन्नूर हवाई अड्डा 2 हजार एकड़ में फैला हुआ है। इसे बनाने में करीब 1800 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। एक बार में दो हजार यात्री यहां से यात्रा कर सकते हैं। अनुमान है कि हर साल यहां से 1.5 मिलियन अंतरराष्ट्रीय यात्री आएंगे-जाएंगे। रनवे की लंबाई 3,050 मीटर है, जिसे 4 हजार मीटर तक बढ़ाया जाएगा।
विदेश जाने वालों को होगी सहूलियत
उद्घाटन के बाद कन्नूर हवाई अड्डे से आबू धाबी जाने वाले एयर इंडिया के विमान ने उड़ान भरी। इसमें 180 यात्री सवार थे। विमान को विशिष्ट अतिथियों ने झंडा दिखाकर रवाना किया। कन्नूर से चलने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में संयुक्त अरब अमीरात, ओमान और कतर शामिल हैं। बताया जा रहा है कि इस हवाई अड्डे को हैदराबाद, बेंगलुरु और मुंबई की फ्लाइट्स से भी जोड़ा जाएगा।
भाजपा और कांग्रेस दोनों हो गए थे नाराज
उद्घाटन होने से कन्नूर हवाई अड्डा विवादों में भी रहा। पहले भाजपा और उसके बाद कांग्रेस ने इस कार्यक्रम का बहिष्कार किया। बताया जा रहा है कि सबरीमाला मसले को केरल सरकार के रवैये से नाराज होकर भाजपा ने उद्घाटन कार्यक्रम का बहिष्कार किया। वहीं, मुख्यमंत्री पिनराई विजयन से कांग्रेस इसलिए नाराज हो गई, क्योंकि उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ओमान चांडी को उद्घाटन समारोह में आमंत्रित नहीं किया।
कांग्रेस ने सीएम पर लगाया मनमानी करने का आरोप
कांग्रेस नेता रमेश चेन्नीथाला ने कहा कि ओमान चांडी ने कन्नूर हवाई अड्डे का 90% कार्य पूरा कराया था। उन्होंने विजयन सरकार पर मनमानी करने का आरोप भी लगाया। वहीं, न्यूज एजेंसी आईएएनएस के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ वामपंथी नेता वीएस अच्युतानंद को भी आमंत्रित नहीं किया गया। अच्युतानंद की सरकार ने हवाई अड्डे के लिए जमीन का अधिग्रहण किया था।

