देश की सबसे पुराना राजनीतिक पार्टी कांग्रेस आज अपना 134वां स्थापना दिवस मना रही है। इस खास मौके पर कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी समेत कई नेता पार्टी मुख्यालय पहुंचे। राहुल गांधी ने पार्टी मुख्यालय में झंडा भी फहराया और मनमोहन सिंह के साथ केट काटा। बता दें कि ये स्थापना दिवस कांग्रेस के लिए काफी खास है क्योंकि हाल ही में 5 राज्यों में विधानसभा चुनाव हुए थे। जिसमें से 3 राज्यों में कांग्रेस ने जीत हासिल की है। जिस वजह से कांग्रेस पूरे जोश में है।

60वें अध्यक्ष हैं राहुल गांधी: राहुल गांधी के पहले कांग्रेस पार्टी के 59 अध्यक्ष रह चुके हैं ऐसे में राहुल गांधी पार्टी के 60वें अध्यक्ष हैं। वहीं आजादी के बाद से राहुल गांधी कांग्रेस के 19वें अध्यक्ष हैं। बता दें कि गांधी परिवार की पांचवी पीढ़ी के हैं जो इस कुर्सी पर बैठे हैं। राहुल गांधी से पहले जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और सोनिया गांधी ने कांग्रेस का अध्यक्ष पद संभाला है।

6 बार कांग्रेस को मिला पूर्ण बहुमत: आजादी से लेकर 2016 तक अभी तक 16 आम चुनाव हुए हैं। जिसमें से कांग्रेस को 6 में पूर्ण बहुमत मिली है जबकि 4 बार कांग्रेस की अगुवाई में केन्द्र में गठबंधन की सरकार भी बनी।

देश को मिले 7 पीएम: देश की सबसे पुरानी पार्टी की तरफ से अभी तक देश को सात पीएम मिल चुके हैं। जिसमें पहला नाम जवाहरलाल नेहरू का था और आखिरी नाम मनमोहन सिंह का। वहीं लाल बहादुर शास्त्री और मनमोहन सिंह कांग्रेस पार्टी के दो ऐसे नेता रहे जो प्रधानमंत्री तो रहे लेकिन पार्टी के अध्यक्ष नहीं रहे।

2014 के आम चुनाव रहे सबसे बुरे: 2014 के आम सभा चुनाव कांग्रेस के लिए अभी तक के सबसे बुरे चुनाव कहे जा सकते हैं। इन चुनावों में कांग्रेस सिर्फ 44 सीटों में ही सिमट गई थी। वहीं मोदी लहर में भाजपा ने पूर्ण बहुमत से सरकार बनाई थी।

 

जोश में है पार्टी: गौरतलब है कि 2014 के बाद से कांग्रेस को राज्य में भी हार का सामना करना पड़ रहा था। लेकिन पहले पंजाब, फिर कर्नाटक और हाल ही में अब छत्तीसगढ़, राजस्थान और मध्य प्रदेश में जीत हासिल कर पार्टी काफी जोश में है। वहीं इस बार 2019 आम चुनावों के लिए राहुल गांधी बतौर प्रधानमंत्री मैदान में उतरने को तैयार हैं।