दक्षिण दिल्ली के राजपुर खुर्द इलाके में इस सप्ताह के शुरू में अफ्रीकी लोगों के एक समूह द्वारा ओला कैब के एक चालक पर कथित हमले के सिलसिले में नाइजीरिया की 26 वर्षीय एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार (4 जून) को बताया कि घटना की रिपोर्ट के दिन 30 मई को केफा के रूप में पहचान की गई रवांडा की एक महिला को गिरफ्तार किया गया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘नाइजीरिया की रहने वाली दूसरी आरोपी को शुक्रवार (3 जून) को दिल्ली में गिरफ्तार किया गया।’ अधिकारी ने बताया कि जनेत और केफा दोनों यहां कथित तौर पर वीजा की समयावधि समाप्त होने के बाद भी रह रही है। केफा को पिछले साल बेंगलुरु में गिरफ्तार किया गया था जबकि जेनत के रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में यह पता चला है कि जनेत और केफा ने ओला सर्विस के जरिए द्वारका से नूरूद्दीन की कैब बुक की। जब वह राजपुर खुर्द पहुंचे तो उसने देखा कि चार पुरुष और दो महिला सहित छह लोग उसका इंतजार कर रहे हैं। इसी इलाके में पूर्व में स्थानीय लोगों ने अफ्रीकी नागरिकों पर हमला किया था।
उन्होंने आरोप लगाया कि 30 मई को समूह में शामिल लोगों ने शराब पी रखी थी। चार से अधिक लोगों के ले जाने से इंकार करने पर उनके बीच तीखी तकरार हो गई और लोगों ने उसकी कथित तौर पर पिटाई कर दी। अधिकारी ने बताया कि चार आरोपी पुरुषों की भी पहचान कर ली गयी है और उन्हें पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।