ओडिशा के बालासोर में हुए रेल हादसे पर जमकर सियासत शुरू हो गई है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार पर बड़ा आरोप लगा दिया है। जोर देकर कहा गया है कि सरकार द्वारा मौत का आंकड़ा छिपाया जा रहा है। दूसरी तरफ कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रेल मंत्री का इस्तीफा मांग लिया है।

ममता ने क्या आरोप लगाया?

अब सीएम ममता बनर्जी ने तो शनिवार को भी मौत के आंकड़ों को लेकर एक अलग बयान दिया था। उन्होंने 500 करीब यात्रियों की मौत की बात कह दी थी। तब उनके उस बयान पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उन्हें टोका था और सही आंकड़ा पेश किया था। लेकिन अब एक बार फिर ममता बनर्जी का तल्ख अंदाज दिखा है। उन्होंने केंद्र पर हादसे में मारे गए लोगों के आंकड़े को छिपाने का आरोप लगा दिया है।

क्या है ये पूरा विवाद?

ममता ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि हमारी सूची में तो मौत के आंकड़े बढ़ रहे हैं। ये बात समझ से परे है कि केंद्र की सूची में मौत के आंकड़े घट कैसे रहे हैं। हमे नहीं भूलना चाहिए कि इतिहास बदलने वाले कोई भी आंकड़ा बदल सकते हैं। लेकिन हम फिर भी बदले की बात नहीं करते हैं, हम तो बदलने वाली राजनीति करते हैं। अब ममता के इस बयान पर अभी तक केंद्र ने कोई जवाब नहीं दिया है, लेकिन शनिवार को रेल मंत्री ने इतना जरूर कहा था कि कवच का इस हादसे से कोई लेना देना नहीं है।

राहुल ने क्या मांग उठाई?

वैष्णव को ये स्टेटमेंट इसलिए देना पड़ा था क्योंकि सीएम ममता ने मीडिया के सामने दावा किया था कि ट्रेन में कवच मौजूद नहीं था, इसी वजह से हादसे को टाला नहीं जा सका। वैसे ममता तो केंद्र पर हमलावर हैं ही, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी रेल मंत्री को आड़े हाथों लिया है। ट्वीट कर राहुल गांधी ने कहा कि 270+ मौतों के बाद भी कोई जवाबदेही नहीं! मोदी सरकार इतनी दर्दनाक दुर्घटना की ज़िम्मेदारी लेने से भाग नहीं सकती। प्रधानमंत्री को फ़ौरन रेल मंत्री का इस्तीफा लेना चाहिए!

सीबीआई जांच की संभावना

वैसे अभी के लिए इस हादसे की अब सीबीआई जांच हो सकती है। रेल मंत्री ने कहा है कि रेलवे बोर्ड से सिफारिश मिली है, ऐसे में मामले को सीबीआई को सौंपा जा सकता है। अभी तक इस हादसे में 275 लोगों के मौत की पुष्टि हो चुकी है और हजार से ज्यादा घायल बताए जा रहे हैं।