बीजू जनता दल (BJD) ने रविवार (29 मई 2022) को राज्यसभा चुनाव 2022 के लिए ओडिशा की चार सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की। BJD ने पार्टी प्रवक्ता सुलता देव, सरकार के मीडिया सलाहकार मानस रंजन मंगराज, वर्तमान राज्यसभा सदस्य सस्मित पात्रा और आदिवासी नेता निरंजन बिसी को उम्मीदवार बनाया है। पार्टी ने मौजूदा राज्यसभा सांसद डॉ. सस्मित पात्रा को दूसरी बार राज्यसभा भेजने का फैसला किया है।
बीजेडी के सांगठनिक सचिव प्रणब प्रकाश दास ने प्रेस नोट जारी कर कहा कि बीजू जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष नवीन पटनायक ने चार नेताओं की उम्मीदवारी पर मुहर लगा दी है। पार्टी जहां दूसरी बार सस्मित पात्रा को राज्यसभा भेज रही है। वहीं, बाकि तीन नेता पहली बार संसद के उच्च सदन में बतौर सदस्य जा रहे हैं। BJD ने महिला उम्मीदवार सुलता देव को राज्यसभा के लिए नामित किया है। उन्होंने पार्टी की महिला विंग में विभिन्न पदों पर कार्य किया है। सुलता देव इस राज्यसभा नामांकन के साथ पहली बार संसद पहुंचेंगी।
डॉ. सस्मित पात्रा को दूसरा मौका: इसके अलावा, बीजद ने मानस रंजन मंगराज को मौका दिया है जो संसद में अपना पहला कदम रखेंगे। मंगराज कांग्रेस से बीजद में शामिल हुए थे और पार्टी के मीडिया सलाहकार के रूप में काम कर रहे हैं। आदिवासियों को प्रतिनिधित्व देने के लिए बीजद ने निरंजन बिसी को राज्यसभा के लिए नॉमिनेट किया है। पार्टी ने मौजूदा राज्यसभा सांसद डॉ. सस्मित पात्रा को दूसरा मौका दिया है। पात्रा पहली बार जून 2019 में राज्यसभा पहुंचे थे। वह पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता हैं।
बीजू जनता दल के तीन राज्यसभा सांसदों की सदस्यता 1 जुलाई 2022 को ख़त्म हो रही है। एन भास्कर राव, प्रसन्ना आचार्य और सस्मित पात्रा की सदस्यता ख़त्म हो रही है। चौथी राज्यसभा सीट सुभाष सिंह के इस्तीफे से खाली हुई थी, जो कटक के मेयर के रूप में चुने गए थे। इस सीट के लिए चुनाव 13 जून को होगा।
बीजेडी के 147 सीटों वाली ओडिशा विधानसभा में 122 सदस्य हैं। पार्टी के लोकसभा में 12 सदस्य और राज्यसभा में 9 सदस्य हैं। इस बार राज्यसभा की कुल 57 सीटों के लिए चुनाव होने जा रहे हैं, जिसके लिए 10 जून 2022 को मतदान होंगे। चुनाव के परिणाम भी 10 जून की शाम तक आएंगे।