GIP Mall Sale: नोएडा ही नहीं उत्तर भारत के सबसे बड़े मॉल में शामिल द ग्रेट इंडिया पैलेस (GIP) जल्द बिकने वाला है। इसे खरीदने के लिए नोएडा का ही एक बड़ा ग्रुप सामने आया है। रजनीगंधा पान मसाला और कैच मसाले जैसे उत्पाद बनाने वाला डीएस ग्रुप जीआईपी को खरीद सकता है। जानकारी के मुताबिक यह डील करीब 2000 करोड़ रुपये की हो सकती है। अगर यह डील होती है तो यह नोएडा में रियल ईस्टेट सेक्टर की सबसे बड़ी डील में से एक होगी।
कितना बड़ा है जीआईपी मॉल
जीआईपी मॉल 147 एकड़ में फैला हुआ है। इसमें कई मॉल के अलावा वर्ल्डस ऑफ वंडर भी बना हुआ है। इसके अलावा काफी स्पेस खाली पड़ा है। यहां 17 लाख वर्ग फुट जगह अभी खाली है। इस मॉल को यूनिटेक ग्रुप और दिल्ली के अप्पू घर ग्रुप ने मिलकर बनाया था। अब इस ग्रुप में यूनिटेक की 42 फीसदी हिस्सेदारी है जबकि अन्य निवेशकों के पास बाकी हिस्सेदारी है।
बता दें कि कोरोना के दौरान लगे लॉकडाउन और जीआईपी के पास बने दूसरे मॉल के कारण इसे आर्थिक संकट का सामना करना पड़ा है। सूत्रों को मुताबिक यूनिटेक पर करीब 1000 करोड़ रुपये का लोन है। इस बिक्री से उसे अपने लोन चुकाने में राहत मिलेगी।
क्या करता है डीएस ग्रुप
डीएस ग्रुप पान मसाले के अलावा कैच मसाले भी बनाता है। हाल में इसने प्रीमियम और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में विस्तार किया है। हाल ही में इसने बेंगलुरु स्थित वायसराय होटल्स का अधिग्रहण किया। अब खबर सामने आई है कि यह डीएस ग्रुप जीआईपी को लेकर बड़ी डील करने वाला है।
