डिफेंस कालोनी इलाके में एक महिला को अगवा कर दक्षिणपुरी के एक घर में ले जाकर सामूहिक बलात्कार करने का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला शादियों में स्वागत का काम करती है। वह उत्तमनगर इलाके में रहती है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से तीन पर पहले से ही बलात्कार का आरोप है। दो आरोपी अभी फरार हैं। वारदात रविवार तड़के करीब ढ़ाई बजे की है।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक दक्षिणी दिल्ली के डिफेंस कालोनी के मूलचंद फ्लाईओवर से महिला को कार सवार लोगों ने अगवा किया। इसकी सूचना पुलिस को उस महिला को उत्तमनगर से मूलचंद इलाके में अपनी आटो में लाने वाले चालक सोनू ने सौ नंबर पर फोन कर दी थी।
मौके पर पहुंची पुलिस को सोनू ने बताया कि सफेद रंग की एक सेंट्रो कार में सवार युवकों ने महिला को अगवा किया। कार के रजिस्ट्रेशन नंबर से जांच की गई तो कार का लोकेशन खानपुर की निकली। पुलिस जब खानपुर दक्षिणपुरी पुष्पा भवन के पास पहुंची तो महिला सड़क पर बदहवास मिली। महिला ने बताया कि उसके साथ सामूहिक बलात्कार हुआ है।
जिस घर में वारदात हुई उस घर को भी वह पहचान सकती है। पुलिस जब उस घर के पास पहुंची तो वहां सेंट्रो कार भी मिल गई। वहां से पुलिस ने 23 साल के आकाश, 20 साल के दीपक और 26 साल के अमन और रोहित को गिरफ्तार किया। सभी युवक दक्षिणपुरी के निवासी हैं। वारदात अमन के घर पर हुई। दो आरोपी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है।
पुलिस ने महिला का सफदरजंग अस्पताल में मेडिकल कराया। जांच में बलात्कार की पुष्टि के बाद मामला दर्ज कर लिया गया।
आटो चालक और पीड़ित महिला से पूछताछ में पता चला कि वह उत्तमनगर इलाके में रहती है। वह शादियों में स्वागत का काम करती है। महिला काम के सिलसिले में अक्सर डिफेंस कालोनी के आसपास के इलाकों में आती रहती है। शनिवार रात भी वह आटो से उत्तमनगर से मूलचंद फ्लाईओवर के पास आई थी।
जहां से उसे युवकों ने अगवा कर लिया। आरोपियों ने उसके साथ कार में भी बलात्कार किया। बाद में वो उसे दक्षिणपुरी इलाके के एक फ्लैट में ले गए। वहां पहले से मौजूद उनके साथियों और कार सवार युवकों ने उससे दोबारा सामूहिक बलात्कार किया।