आम आदमी पार्टी को करारा झटका देते हुए पार्टी के झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष उमेश वर्मा योगेंद्र यादव की अगुआई वाले नवगठित राजनीतिक संगठन स्वराज इंडिया में शामिल हो गए। आप से निकाले गए नेता यादव की अगुआई वाले आंदोलनों से ही निकली दूसरी राजनीतिक पार्टी स्वराज इंडिया निगम चुनावों से अपनी राजनीतिक पारी शुरू करेगी।  आप के झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष वर्मा शनिवार को हुए एक कार्यक्रम में यादव के नेतृत्व वाली पार्टी में शामिल हुए। उन्होंने आप पर हमला करते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल सरकार ने एक साल में अनधिकृत कालोनियों को नियमित करने का वादा किया था, लेकिन अब तक नहीं हो पाया है। सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि अगर नीयत साफ हो तभी जनहित के काम होते हैं।

दिल्ली विधानसभा चुनाव के ठीक पहले आप में शामिल होने वाले वर्मा ने कहा कि अवैध कालोनियों में रहने वाले आज भी तमाम बुनियादी संसाधनों से महरूम हैं। पहले भाजपा में भी रह चुके वर्मा ने कहा कि जेजे क्लस्टर पर दिल्ली सरकार की नीति भी खामियां भरी है।  यादव ने कहा कि आप सरकार ने अवैध कालोनियों को नियमित करने का काम शुरू किया लेकिन यह पूरा नहीं हो पाया। जनता ठगी सी महसूस कर रही है। इसलिए उन्होंने आप छोड़ कर स्वराज इंडिया का साथ पकड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि आप में सच बोलने की गुंजाइश ही नहीं है। विरोध करना तो दूर की बात है। इसलिए लोकतांत्रिक जगहों पर ही विकल्प बनाने के प्रयास कर रहे हैं।