दिल्ली पुलिस ने साक्षी के कातिल साहिल को बुलंदशहर से गिरफ्तार कर लिया है। साहिल ने बीती रात दिल्ली के शाहबाद डेरी इलाके में 20 से ज्यादा बार चाकू से वार कर साक्षी नाम की लड़की की हत्या कर दी थी। साहिल साक्षी को मारने के बाद यूपी के बुलंदशहर भाग गया था।

गिरफ्तारी के बाद दिल्ली में मीडिया से बातचीत में दिल्ली पुलिस के स्पेशल CP दीपेंद्र पाठक ने कहा कि हमें सूचना मिली कि किसी बच्ची की हत्या की गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित की पहचान कर मौके के पास मौजूद CCTV फूटेज चेक किया। अभी थोड़ी देर पहले हमने आरोपी को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से गिरफ़्तार किया है और उसे यहां लेकर आ रहे हैं। मामले में हम सभी साक्ष्यों को एकत्रित कर कोर्ट में पेश कर आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की कोशिश करेंगे।

कौन है साक्षी? – मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, साक्षी 16 साल की थी। वह दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके में रहती थी। वह रविवार शाम अपनी दोस्त की बर्थडे पार्टी के लिए शॉपिंग करने गई थी। घटना के समय साक्षी अपनी उसी दोस्त का उसके घर के पास इंतजार कर रही थी। तभी वहां आरोपी साहिल आया और उसने चाकू से साक्षी पर वार करना शुरू कर दिया। उसने साक्षी पर 20 से ज्यादा वार किए।

साक्षी के जमीन पर गिरने के बाद भी साहिल का मन नहीं भरा, उसने एक पत्थर उठाकर भी साक्षी को मारा। चौंकाने वाली बात यह है कि इस दौरान वहां से गुजर रहे लोग आरोपी को चाकू मारते हुए देखते रहे और कुछ भी न बोले। हत्या के बाद घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। साक्षी की मौके पर ही मौत हो गई थी।

कौन हैं साहिल? साक्षी की हत्या से जुड़ी बड़ी बातें

  1. साहिल पेशे से एक AC मैकेनिक है। वो 20 साल का है।
  2. साक्षी और साहिल एक दूसरे से पहले से परिचित थे। हालांकि साक्षी की मां ने ऐसी जानकारी होने से इनकार किया है।
  3. कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि साक्षी ने साहिल से बातचीत करने से इनकार कर दिया था। वो इसी से नाराज था।
  4. दिल्ली पुलिस ने बताया कि साहिल का परिवार जांच में मदद कर रहा है।

दिल्ली पुलिस ने धारा 302 के तहत दर्ज किया मामला

दिल्ली पुलिस ने बताया कि आरोपी साहिल और मृतका साक्षी रिलेशनशिप में थे। दोनों के बीच रविवार रात को झगड़ा हुआ था इसके बाद ही साहिल ने साक्षी पर चाकू से वार कर हत्या कर दी। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में IPC की धारा 302 के तहत FIR दर्ज की है।

साक्षी की हत्या के बाद दिल्ली पुलिस ने साहिल की गिरफ्तारी के लिए 6 टीमों का गठन किया था। साहिल के परिवार के लोगों से भी पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस ने बताया कि साहिल का परिवार जांच में सहयोग कर रहा है।