दिल्ली पुलिस साक्षी मर्डर केस में आरोपी साहिल से पूछताछ कर रही है। साहिल ने 16 साल की साक्षी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी। अंग्रेजी वेबसाइट टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक, साक्षी की हत्या करने के बाद साहिल ने तुरंत अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर दिया। इसके बाद वह थोड़ी देर तक पार्क में बैठा रहा। साहिल ने अपना फोन गुप्ता कॉलोनी के पास वाले नाले में फेंक दिया था, जिसे बरामद कर लिया गया है। रिपोर्ट में ये सभी जानकारी पुलिस के हवाले से दी गई है।

रिपोर्ट के अनुसार, इसके बाद साहिल रिठाला मेट्रो स्टेशन तक पैदल गया। वहां से उसने समयपुर बादली के लिए RTV पकड़ी। क्योंकि समय काफी ज्यादा हो चुका था इसलिए साहिल पार्क में ही सो गया। उसने सुबह आनंद विहार के लिए बस पकड़ी, जहां से वो अपनी बुआ के यहां भाग गया। उसे बुलंदशहर से गिरफ्तार किया गया था।

इस बीच घटना से पहले की एक और CCTV फुटेज दिल्ली पुलिस के हाथ लगी है। इस फुटेज में साहिल आकाश नाम के एक युवक के साथ खड़ा दिखाई दे रहा है। वह घटना से पहले उससे कुछ देर तक बात करता है। पुलिस ने जब आकाश से बातचीत की तो उसने बताया कि वो किसी दूसरे विषय पर बात कर रहे थे।

जांच से जुड़ा एक अधिकारी ने बताया कि शनिवार को साक्षी, भावना और उनके दोस्त झबरू की साहिल से बात हुई थी। साहिल ने दावा किया है कि लड़ाई के दौरान धमकी दी गई थी और झबरू ने उससे यह भी कहा कि अगर वह साक्षी से दूर नहीं रहा तो वह उसकी पिटाई करेगा। बता दें कि झबरू शाहबाद डेरी इलाके का एक जाना-पहचाना व्यक्ति है। अधिकारी ने बताया कि साहिल का दावा है कि झबरू द्वारा धमकाने से साहिल को गुस्सा आ गया। झगड़े के दौरान साक्षी ने साहिल को नीचा दिखाने वाली बातें कही। पुलिस इस दावे को क्रॉस चेक कर रही है।

जानकारी यह भी मिली है कि साक्षी ने साहिल को इंस्टाग्राम पर एक ऑडियो भेजी थी। इस ऑडियो में कहती हैं, “गली का बदमाश है क्या तू?”

दिल्ली पुलिस का यह भी कहना है कि ये दोनों लोग एक दूसरे को एक साल से ज्यादा समय से जानते थे लेकिन पिछले तीन-चार महीने में वो नजदीक आए थे। पुलिस द्वारा चाकू के बारे में सवाल करने पर साहिल ने दावा किया कि उसने चाकू करीब 15 दिन पहले अपनी सुरक्षा के लिए चाकू खरीदा था। उसने दावा किया कि उसने हत्या के बाद यह चाकू रिठाला में फेंक दिया।