उत्तम नगर से कांग्रेस उम्मीदवार और प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता मुकेश शर्मा ने भाजपा पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि रामलीला मैदान में शनिवार को हुई नरेंद्र मोदी की रैली में दिल्ली की आम जनता ने शिरकत न करके भाजपा को साफ संदेश दे दिया है कि दिल्ली की जनता अब भाजपा के झूठे बहकावे में आने वाली नहीं है। शर्मा ने कहा कि रैली में दिल्ली के आसपास के राज्यों से भाड़े के लोग बुलाकर कृत्रिम हवा बनाने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि रैली में भाजपा नेता दावा कर रहे थे कि एक लाख से ज्यादा लोग शरीक होंगे। लेकिन रैली में मुश्किल से दस से 15 हजार लोग ही शामिल हुए वे भी दिल्ली से बाहर के थे। मुकेश शर्मा ने कहा कि रविवार को कांग्रेस नेता शर्मिष्ठा मुखर्जी और कांग्रेस प्रवक्ता पूर्व सांसद संजय निरूपम रविवार को उत्तम नगर में आधा दर्जन से ज्यादा नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करेंगे।
मुकेश शर्मा ने कहा कि भाजपा ने नगर निगम के माध्यम से 100 करोड़ रुपए की अवैध वसूली रैली के नाम पर की है। जगह-जगह अवैध होर्डिंग व पोस्टर लगाकर दिल्ली का स्वरूप बिगाड़ने की कोशिश भी भाजपा ने की। उन्होंने कहा कि रैली के नाम पर पूरी दिल्ली को बदरंग कर दिया गया है। भाजपा के खिलाफ निगम अधिकारियों को अवैध पोस्टर व होर्डिंग लगाने पर मुकदमा दर्ज करना चाहिए। शर्मा ने यह भी कहा कि भाजपा ने सरकारी मशीनरी व प्रशासन का पूरी तरह दुरुपयोग करते हुए रैली को कामयाब बनाने की कोशिश की। लेकिन दिल्ली की जनता ने भाजपा को पूरी तरह नकार दिया। शर्मा ने यह भी कहा कि केंद्र में भाजपा की सरकार बनने के बाद दिल्ली में बिजली पहले से भी ज्यादा महंगी हुई है। भाजपा ने 30 फीसद सस्ती बिजली देने का झूठा वादा किया था। लेकिन 30 फीसद तो छोड़ो बिजली की कीमत पहले की तुलना में दोगुनी बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि पहले जो बिल दो महीने में आता था अब एक महीने में उससे ज्यादा बिल आता है।