दिल्ली के कानून मंत्री की गिरफ्तारी पर करारा प्रहार करते हुए आप सरकार ने आज केंद्र पर आरोप लगाया कि शहर में भ्रष्टाचार पर कड़ी कार्रवाई खासकर सीएनजी फिटनेस घोटाले की जांच फिर से खोले जाने के कारण वह अपने तानाशाही कृत्यों से आपातकाल जैसी स्थिति पैदा कर रही है।

कथित फर्जी डिग्री मामले में कानून मंत्री जितेंद्र सिंह तोमर की गिरफ्तारी को पूरी तरह असंवैधानिक करार देते हुए उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि यह मोदी सरकार द्वारा आप को सबक सिखाने की एक कोशिश है और उन्होंने जोर देते हुए कहा कि भ्रष्टाचार में शामिल किसी को भी नहीं बख्शा जाएगा।

सिसोदिया ने कहा, ‘‘तानाशाही के जरिए दिल्ली में आपातकाल जैसी स्थिति पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है क्योंकि हमने भ्रष्टाचार में शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई की है।’’

पुलिस पर तोमर से माफिया जैसा बर्ताव करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस ने उन्हें थाने लाने से पहले बिना कोई कारण बताए जबर्दस्ती एक कार में बिठा लिया और उनका वाहन जब्त कर लिया। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘तोमर को गिरफ्तार किया गया जैसे कि वह कोई माफिया हों। क्या वह भाग रहे थे। क्या उन्होंने कोई बम लगाया था। ऐसी क्या आपात स्थिति थी खासकर तब जब एक घोटाले की जांच फिर से खोली जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के पीछे एक गहरा कारण है।’’

तोमर को कानून की डिग्री हासिल करने में धोखाधड़ी एवं फर्जीवाड़ा करने के आरोप में आज गिरफ्तार किया गया। त्रिनगर के 49 वर्षीय विधायक और पहली बार मंत्री बने तोमर की गिरफ्तारी ऐसे वक्त हुई है जब दिल्ली सरकार के अधिकारों को लेकर आप सरकार एवं उपराज्यपाल नजीब जंग के बीच टकराव चल रहा है।

सिसोदिया ने कहा, ‘‘आपातकाल जैसी स्थिति पैदा कर भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी) के नये प्रमुख का पद सृजित करने का अवैध प्रयास किया गया। वे ऐसी स्थिति पैदा कर रहे हैं ताकि एसीबी को अपने क्षेत्राधिकार में ले आएं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह आप को सबक सिखाने की कोशिश है। भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई के रास्ते में जो कोई भी आएगा, हम उसे नहीं बख्शेंगे। उनका कॉलेज हलफनामा स्पष्ट रूप से कहता है कि उन्होंने अपनी कानून डिग्री पास कर ली है।’’

तोमर पर भादंसं की विभिन्न धाराओं के तहत धोखाधड़ी, फर्जीवाड़ा, धोखाधड़ी के इरादे से फर्जीवाड़ा और आपराधिक साजिश के आरोप लगाए गए हैं। उच्च न्यायालय के निर्देश पर एक पुलिस दल इस आरोप की जांच के लिए बिहार गया था कि तोमर ने फर्जी डिग्री हासिल की है।

आप के नेता आशुतोष ने कहा कि यह गिरफ्तारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शह पर केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा रची गयी साजिश है।