IRCTC Train Cancelled List: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भारी बारिश का असर यहां ट्रेनों के आवागमन पर खास तौर पर पड़ा है। न्यूज एजेंसी एएनआई ने इंडियन रेलवे के हवाले से बताया कि दिल्ली के यमुना ब्रिज (लोहा पुल) को बंद करने की वजह से 27 ट्रेनों को कैंसिल किया गया है। वहीं भारतीय रेलवे के मुताबिक यमुना में पानी का स्तर 205.53 पर पहुंचने की वजह से लोहा पुल बंद किया गया है। इससे अस्थाई रूप से ट्रेनों की आवाजाही को रोक दिया गया है। उत्तरी रेलवे के अधिकारी ने बताया कि रेल आवागमन के लिए यमुना ब्रिज को सुबह 12:20 बजे से अस्थाई रूप से बंद कर दिया है। उत्तरी रेलवे के प्रवक्ता नितिन चौधरी के मुताबिक कुल 27 ट्रेनों को कैंसिल किया गया है। 14 एक्सप्रेस ट्रोनों के डायवर्ट किया गया। कुछ ट्रेनों को थोड़े वक्त के लिए लंबित किया गया है। बता दें कि दिल्ली में यमुना का जल स्तर 205.52 तक पहुंचने के बाद दिल्ली पुलिस ने रविवार सुबह 8:25 बजे ब्रिज को बंद करने का नोटिस जारी किया था। इसके अलावा बाढ़ की जद में आने वाले करीब एक हजार परिवार को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।

यहां देखें कैंसिल ट्रेनों की लिस्ट

इसके अलावा लिंक पर क्लिक कर 30 जुलाई, 2018 को कैंसिल सभी ट्रेनों की लिस्ट को देख सकते हैं। बता दें कि दिल्ली में यमुना रविवार को भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। यमुना के आस-पास के क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है, इस अभियान का दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने जायजा लिया। सिसोदिया ने अक्षरधाम और पांडव नगर के आसपास के यमुना खादर इलाकों का दौरा किया और यहां रह रहे लोगों से सुरक्षित जगह जाने का आग्रह किया। हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से पानी छोड़े जाने और क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से नदी का जलस्तर बढ़कर 205.50 मीटर हो गया है। 31 जुलाई तक नदी का जलस्तर 206.60 मीटर तक पहुंचने की संभावना है। हरियाणा ने शनिवार शाम छह बजे बैराज से छह लाख क्यूसेक पानी छोड़ा था। हथिनीकुंड बैराज से छोड़े गए पानी को यहां पहुंचने में सामान्य तौर पर 72 घंटे लगते हैं।