दिल्ली विश्वविद्यालय और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में छात्र संगठन चुनाव को लेकर आज मतदान करने के लिए अपने संबंधित परिसरों में बने कई मतदान केंद्रों पर छात्रों की लंबी कतार देखने को मिली। दोनों प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में छात्र संगठन पद के लिए हो रहे चुनाव में 50 से अधिक प्रत्याशी मैदान में हैं।

‘दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ’ के पदों के लिए मतदान विश्वविद्यालय के 42 कॉलेजों में बने 127 मतदान केंद्रों पर दो चरणों में सम्पन्न हो रहा है।

डूसू चुनाव के मुख्य चुनाव आयुक्त डीएस रावत ने बताया, ‘विश्वविद्यालय में कुल 1,35,298 मतदाता हैं जो 42 कॉलेजों में बने मतदान केंद्रों पर अपने मत का उपयोग करेंगे। पहला चरण सुबह साढ़े आठ बजे से दोपहर साढ़े 12 बजे तक चलेगा और अगला चरण दिन में तीन बजे से शुरू होगा।’

उन्होंने बताया, ‘किसी भी गड़बड़ी की आशंका के मद्देनजर हमारे पर्यवेक्षक सभी कॉलेज परिसरों की निगरानी कर रहे हैं, जबकि किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को रोकने के लिए पुलिस टीम भी गश्त कर रही है।’

डूसू चुनाव के लिए मतदान शाम साढ़े सात बजे तक सम्पन्न हो जाएगा और मतों की गिनती कल सुबह शुरू होगी। डूसू पदाधिकारी पदों के लिए कुल 35 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनमें से नौ डूसू अध्यक्ष के पद के लिए और आठ उपाध्यक्ष की सीट के लिए चुनाव लड़ रहे हैं।