दिल्ली में यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। आज सुबह छह बजे यमुना का जलस्तर 208.41 मीटर तक पहुंच गया। इससे पहले बुधवार की रात 10 बजे यमुना का जलस्तर 208.05 मीटर तक पहुंच गया था। इससे दिल्ली के कई इलाके पानी में डूब गए हैं। दिल्ली के मौजूदा हालात को देखते हुए उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने आज डीडीएमए की बैठक बुलाई है। निचले इलाकों में पानी बढ़ने का असर अब यातायात व्यवस्था पर भी देखने को मिल रहा है। इसके बाद दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की ओर से एडवायजरी जारी की गई है।
दिल्ली पुलिस की एडवायजरी में क्या?
दिल्ली पुलिस की ओर से जारी एडवायजरी में कहा गया है कि महात्मा गांधी पर आईपी फ्लाईओवर से चंदगीराम अखाड़ा और कालीघाट मंदिर से दिल्ली सचिवालय तक ट्रैफिक यमुना के बढ़ते जलस्तर के कारण प्रभावित रह सकता है। इसके अलावा आउटर रिंग रोड पर वजीराबाद ब्रिज से चंदगी राम अखाड़ा तक का इलाका भी इससे प्रभावित रह सकता है। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी है।
बता दें कि दिल्ली में यमुना के बढ़ते जलस्तर ने पिछले 45 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। दिल्ली में बाढ़ जैसी स्थिति के कारण दिल्ली नगर निगम (MCD) के सिविल लाइंस क्षेत्र के निचले इलाकों में स्थित 10 और शहादरा क्षेत्र में सात स्कूल बृहस्पतिवार को बंद रहेंगे। इन स्कूल के छात्रों के लिए ऑनलाइन कक्षाएं आयोजित की जाएंगी। यमुना का जलस्तर दिल्ली में पुराना रेलवे पुल पर रात 10 बजे 208.05 मीटर दर्ज़ किया गया और इस तरह से 1978 का 207.49 मीटर का रिकॉर्ड टूट गया। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने यमुना में बढ़ते हुए जलस्तर के मद्देनजर निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से तुरंत जगह खाली करने की अपील की है।