दिल्ली पुलिस ने शनिवार (7 मार्च, 2020) को हिंसा फैलाने और हत्या के आरोप में 27 वर्षीय एक शख्स को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शिव विहार निवासी मोहम्मद शहनवाज के रूप में हुई है। उस पर 24 फरवरी को मिठाई की दुकान पर करने वाले 20 वर्षीय दिलबर सिंह नेगी की हत्या का आरोप है। बता दें कि सांप्रदायिक हिंसा में मारे गए सभी लोगों की हत्याओं की जांच डीसीपी राजेश देव के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच की विशेष जांच टीम (SIT) कर रही है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ’24 फरवरी को हिंसा वाले दिन कई चश्मदीदों ने उसकी पहचान की। जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया।’
दिल्ली पुलिस के एडिशनल पीआरओ अनिल मित्तल ने बताया कि शहनवाज और अन्य आरोपियों ने दंगे भड़कने के बाद 24 फरवरी को शिव विहार तिराहा के पास कई दुकानों में तोड़फोड़ और आगजनी की गई। उन्होंने बताया, ‘शहनवाज शिव विहार के चमन पार्क में एक बुक स्टोर और एक मिठाई की दुकान में घुसा और अन्य दंगाईयों के साथ उसने दोनों दुकानों में आग लगा दी। 26 फरवरी को दिलबर सिंह नेगी का शव उसी दुकान से मिला और हत्या का केस दर्ज किया गया। नेगी के दोनों हाथ काट दिए गए थे।’
दिल्ली हिंसा से जुड़ी सभी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें
दिल्ली सांप्रदायिक हिंसा में कम से कम 53 लोगों की मौत हो चुकी है और 300 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। अभी तक पुलिस ने 690 एफआईआर दर्ज की हैं जबकि 2193 लोगों को गिरफ्तार या हिरासत में लिया गया है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि शहनवाज इलाके में तंबाकू उत्पाद बेचता था। पूछताछ में उसने और लोगों का नाम लिया है, जिसकी जांच की जा रही है। वह लापता या फरार नहीं हुआ था।, वह इलाके में ही था। उसने मान लिया था कि भीड़ उसके लिए सुरक्षा कवर की तरह काम करेगी और उसकी पहचान नहीं की जा सकेगी। हालांकि कई प्रत्यक्षदर्शियों ने एक हमलावर के रूप में उसकी पहचान की है।’ पुलिस ने कहा कि इसके अलावा क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है।
उत्तराखंड के पुरी का निवासी दिलबर सिंह नेगी शिव विहार में अनिल स्वीट्स में काम करता था। वह छह महीने पहले ही दिल्ली आया था। 24 फरवरी को अनिल स्वीट्स पर उन्मादी भीड़ के हमले के बाद वो लापता हो गया। दो दिन बाद उसका शव मिला। उसके भाई देवेंदर सिंह नेगी ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि शरीर से उसके हाथ गायब थे। हम उसकी कम लंबाई और चेहरे के आकार के आधार पर उसकी पहचान कर सके।
इसी बीच दिल्ली ने पुलिस आप के निलंबित पार्षद ताहिर हुसैन के तीन सहयोगियों को गिरफ्तार किया है जिन पर दंगा फैलाने का आरोप है। तीनों आरोपियों की पहचान तारिक रिजवी, लियाकत और रियासत के रूप में हुई है। ताहिर हुसैन की गिरफ्तार के दो दिन बाद ये गिरफ्तारियां हुई हैं। ताहिर हुसैन पर आईबी कर्मचारी अंकित शर्मा की हत्या में शामिल होने का आरोप है।

