Delhi Rajinder Nagar Assembly Election Result 2022: दिल्ली की राजेंद्र नगर विधानसभा सीट के लिए हुए उपचुनाव में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी ने जीत दर्ज की है। वोटों की गिनती शुरू होने के बाद से ही आम आदमी पार्टी उम्मीदवार दुर्गेश पाठक आगे चल रहे थे। उन्होंने अंत तक अपनी बढ़त बनाए रखी और 11 हजार से अधिक वोटों से जीत दर्ज की। मतगणना सुबह 8 बजे शुरू हुई। इस उपचुनाव में दूसरे स्थान पर भाजपा के राजेश भाटिया रहे, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार तीसरे स्थान पर रहे। आप प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि राजिंदर नगर सीट से पार्टी के दुर्गेश पाठक ने 11,555 वोटों से जीत हासिल की है।

वहीं, जीत दर्ज करने के बाद आप उम्मीदवार दुर्गेश पाठक ने कहा, “यह मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की जीत है, यह AAP द्वारा किए गए कार्यों की जीत है। BJP के पास यहां कोई एजेंडा नहीं था, वो पहले दिन ही चुनाव हार चुकी थी। वे यहां आने वाले नगर निगम चुनावों सहित हर चुनाव में हारेंगे।”

आप उम्मीदवार दुर्गेश पाठक को 40319 मत, भाजपा के राजेश भाटिया को 28851और कांग्रेस की प्रेमलता को 2014 वोट मिले। यहां शुरू से ही भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच ही मुकाबला दिखाई दे रहा था। तीसरे स्थान पर कांग्रेस की प्रेमलता रहीं। उपचुनाव में कुल 14 उम्मीदवार मैदान में थे। आप उम्मीदवार को उपचुनाव में 55.78 वोट मिले।

राघव चड्ढा के इस्तीफे से खाली हुई थी सीट: 23 जून को हुए उपचुनाव में करीब  43.75 फीसदी वोटिंग हुई थी। यह सीट आप नेता राघव चड्ढा के राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद खाली हुई थी। आम आदमी पार्टी ने इस सीट से दुर्गेश पाठक को अपना उम्मीदवार बनाया है, जबकि भाजपा ने राजेश भाटिया पर भरोसा जताया था। वहीं, कांग्रेस ने प्रेमलता को अपना प्रत्याशी बनाया था।

2020 के विधानसभा चुनाव के दौरान राजेंद्र नगर विधानसभा सीट पर 58.27 प्रतिशत मतदान हुआ था। हालांकि, अबकी हुए उपचुनाव में करीब 44 फीसदी वोटिंग हुई है। ऐसे में नतीजों को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।