मुख्यमंत्री आवास के बाहर हिंसा और तोड़फोड़ के बाद अरविंद केजरीवाल का बयान आया है। उन्होंने दिल्ली सरकार के एक आयोजन में कहा कि वह देश के लिए जान भी दे सकते हैं। इससे पहले इस पूरे मामले पर आम आदमी पार्टी ने दावा किया था कि भाजपा केजरीवाल को चुनावों में हरा नहीं पा रही है इसीलिए उनकी हत्या करने की कोशिश कर रही है।
मुख्यमंत्री केजरीवाल ने आज ट्वीट करते हुए लिखा कि कल मेरे घर पर हमला हुआ। देश के लिए मेरी जान भी हाजिर है। पर मैं जरूरी नहीं हूं। देश जरूरी है। इस तरह की गुंडागर्दी सही नहीं है। क्या ऐसे देश आगे बढ़ेगा? नहीं ना? आइए सब मिलकर देश के लिए काम करें।“
हाल ही में रिलीज हुई 1990 में कश्मीरी पंडितों के पलायन पर बनी फिल्म ‘द कश्मीरी फाइल्स’ पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा विधानसभा में दिए गए बयान के बाद विवाद शुरू हो गया था जिसका विरोध करते हुए कल बुधवार को भाजपा युवा मोर्चा ने केजरीवाल के सरकारी आवास के बहार प्रदर्शन किया था।
मुख्यमंत्री ने हिंसा और तोड़फोड़ पर कहा कि हमें इस देश को एक साथ ले जाना है, हमने लड़ाई करते हुए पिछले 75 साल बर्बाद कर दिए हैं। इस गुंडागर्दी से देश आगे जाने वाला नहीं है। सभी को साथ मिलकर एक साथ 21 वीं सदी के नए भारत के लिए काम करना होगा।
केजरीवाल पर लगा कश्मीरी हिन्दुओं का मजाक उड़ाने का आरोप: बीजेपी नेताओं ने केजरीवाल पर फिल्म में दिखाए गए कश्मीरी हिंदुओं के “नरसंहार” का मजाक उड़ाने का आरोप लगाया है। भारतीय जनता युवा मोर्चा के सदस्य कल दिल्ली के मुख्यमंत्री के घर पहुंचे थे, जहां उन्होंने पुलिस से भिड़ने के साथ गेट पर लाल पेंट फेंककर, सीसीटीवी कैमरे की तोड़फोड़ और उनके आवास के बाहर बैरियर तोड़कर हंगामा किया।
आठ लोगों को किया गिरफ्तार: दिल्ली के मुख्यमंत्री के घर के बहार तोड़फोड़ और हिंसा के मामले में पुलिस ने आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस उपायुक्त (उत्तर) सागर सिंह कल्सी ने कहा, आरोपियों पर सरकारी कार्य में बाधा डालने, सरकारी आदेश का उल्लंधन, सरकारी कर्मचारी पर हमला और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
