लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन ने राफेल डील पर रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण के भाषण के दौरान कांग्रेस नेताओं के शोर मचाने पर कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे को डपटते हुए कहा कि रक्षा मंत्री जब नहीं बोल रही थीं तब विपक्ष उनके बोलने की मांग कर रहा था। वह समझ नहीं पा रहीं कि आखिर हो क्या रहा है। लोकसभा अध्यक्ष ने खड़गे से कहा कि क्या वो सही में नही चाहते कि रक्षामंत्री सदन में मौजूद रहें? उन्होंने कहा कि आप (कांग्रेस) हल्ला करना चाहते हो करो। लोकसभा स्पीकर की इस फटकार के बाद रक्षामंत्री अपना पक्ष रखने के लिए फिर खड़ी हुईं और उन्होंने कहा कि वो आज सदन में खड़ी हैं और बिन्दुवार तरीके उन सभी सवालों के जवाब देंगी जो सदन में उठे हैं। वह ना सिर्फ विपक्ष के सवालों देगी बल्कि सदन में मौजूद हर सदस्य के सवालों के जवाब देंगी।

जानना चाहिए कि अपने भाषण में रक्षामंत्री ने कांग्रेस नीत यूपीए सरकार पर रक्षा और राष्ट्रहित से जुड़े मुद्दों पर समझौता करने का आरोप लगाया। उन्होंने शुक्रवार (4 जनवरी, 2019) को सदन में कहा कि बोफोर्स एक घोटाला था, जिसकी वजह से सत्ता से कांग्रेस चली गई। मगर राफेल डील मामला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक बार फिर सत्ता में लेकर आएगा। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के राफेल डील पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधे आरोपों को असत्य एवं गुमराह करने वाला करार देते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि साढ़े चार साल तक बिना भ्रष्टाचार के आरोपों के चली सरकार पर किसी ना किसी तरह भ्रष्टाचार के आरोप लगाने की हताशा के तहत यह सब किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस बार रक्षा मंत्रालय बिना दलालों के चल रहा है।

रक्षामंत्री ने आगे कहा, ‘कांग्रेस अध्यक्ष फ्रांस के राष्ट्रपति का हवाला बिना सबूत के दे रहे हैं और वे प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हैं। वे फ्रांस से निजी बातचीत के सबूत दिखाएं। बोफोर्स एक घोटाला था जबकि राफेल विमान रक्षा जरूरत से जुड़ा है। बोफोर्स ने उन्हें (कांग्रेस) हटाया। वो चुनाव हार गए। राफेल हमें वापस लाएगा। राफेल मोदी को वापस लाएगा। राफेल नए भारत के लिए मोदी को वापस लाएगा। बदलते भारत के निर्माण के लिए राफेल मोदी को वापस लाएगा। राफेल भ्रष्टाचार मिटाने के लिए मोदी को वापस लाएगा।’ (भाषा इनपुट सहित)