दिल्ली में शनिवार सुबह भारी बारिश होने से मिंटो ब्रिज, राजघाट, कनॉट प्लेस और आईटीओ, चांदनी चौक समेत कई स्थानों पर बहुत अधिक जलभराव हो गया तथा यातायात संबंधी समस्या आई। जाने माने कवि कुमार विश्वास ने दिल्ली सरकार पर तंज करते हुए कहा कि वेनिस बर्बाद हो रहा है।

कुमार विश्वास ने सूरज सिंह नाम के एक यूजर के ट्वीट को रीट्वीट किया जिसमें एक वीडियो के साथ लिखा था कि देखिए, ये ऐतिहासिक चांदनी चौक की मुख्य सड़क है। जिसका सौन्दर्यीकरण हुआ है। लाल पत्थर, चौड़े रास्ते, अंडरग्राउंड वायरिंग, दिन में मोटर वाहन प्रतिबंधित, जगह-जगह सुंदर पौधारोपण भी हुए हैं। आज सुबह बारिश हुई तो अंदर की गलियों का पानी मैन रोड पर इस तरह बह रहा है। विश्वास ने लिखा कि वेनिस बर्बाद हो रहा है।

बताते चलें कि दिल्ली सरकार की तरफ से हाल के दिनों में चांदनी चौक के सौन्दर्यीकरण के लिए काफी पैसे खर्च किए गए हैं। लेकिन बारिश आने के साथ ही सड़कों पर पानी बहने लगे जिसके बाद से सोशल मीडिया में लोग सवाल खड़े कर रहे हैं। बताते चलें कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि दिल्ली में 139 मिमी बारिश हुई, जो कम से कम 13 वर्षों में अगस्त माह में एक दिन के भीतर हुई सर्वाधिक वर्षा है।

दिल्ली में ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी: मौसम विभाग ने शहर के लिए ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है, जो बहुत ही खराब मौसम के लिए होता है, जिसमें सड़कों और नालों के बंद होने से यातायात में परेशानी और बिजली आपूर्ति बाधित होने की आशंका रहती है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों ने कहा कि उसके कर्मी जलभराव की समस्याओं से प्राथमिकता से निबट रहे हैं।

जलभराव की वजह से दिल्ली यातायात पुलिस ने कई अंडरपास बंद कर दिए, कई स्थानों पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। यातायात पुलिस ने यात्रियों को ट्विटर के जरिए इस बारे में सूचित किया। यातायात पुलिस ने कई ट्वीट किए जिनमें कहा, ‘‘मिंटो ब्रिज पर जलभराव के कारण यातायात बंद किया गया है, कृपया वहां जाने से बचें।’’