कृष्णानगर इलाके में दो किशोरों ने एक युवती का मोबाइल झपट लिया। इस मोबाइल को उन्होंने अपनी मां को दे दिया। मां ने बिना लॉगआउट किए फेसबुक पर अपनी फोटो अपलोड कर दी। पीड़ित 25 साल की प्रियंका अरोड़ा ने जब दूसरे सिस्टम पर अपने फेसबुक को चेक किया तो दूसरी महिला की फोटो अपलोड थी। इस पर उसने पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने इस फोटो और टेक्नीकल सर्विलांस के आधार पर महिला को ढूंढ़ निकाला। पुलिस ने आरोपी मां और उसके एक नाबालिग बेटे को गिरफ्तार में ले लिया। बेटे को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। जबकि मां को कोर्ट में पेश कर चेतावनी जारी कर छोड़ दिया गया। पुलिस दूसरे नाबालिग की तलाश में है।
पुलिस उपायुक्त नुपुर प्रसाद ने बताया कि पिछले दिनों कृष्णा नगर निवासी प्रियंका अरोड़ा ने झपटमारी की शिकायत की थी। प्रियंका ने पुलिस को बताया कि 27 मार्च को वह पूर्वी कृष्णा नगर के बस स्टैंड पर खड़ी थी। इसी दौरान दो लड़कों ने उसका बैग झपट लिया। इसमें मोबाइल के अलावा अन्य कागजात थे। प्रियंका की शिकायत पर कृष्णा नगर थाने में मामला दर्ज हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही थी कि प्रियंका को पता चला कि उसके फेसबुक पर एक महिला की फोटो अपलोड हुई है। पुलिस ने आरोपी महिला व उसके बेटे को भीकम सिंह कॉलोनी से ढूंढ़ निकाला। महिला घरेलू सहायक का काम करती है। पहले महिला ने बताया कि मोबाइल उसे पड़ोसी ने दिया है। लेकिन जब पुलिस ने 16 साल के बेटे से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि अपने बड़े भाई के साथ मिलकर उसने झपटमारी की थी।