भाजपा नेता एमजे अकबर ने मंगलवार को राज्यसभा की सदस्यता की शपथ ली। अकबर ने अंग्रेजी में शपथ ली। मानसून सत्र के पहले दिन सुबह बैठक शुरू होने पर उन्हें शपथ दिलाई गई। वे उच्च सदन में झारखंड से एक सीट के उपचुनाव में निर्वाचित होकर आए हैं। शपथ लेने के बाद सभापति हामिद अंसारी ने उनका स्वागत किया। भाजपा प्रवक्ता अकबर मशहूर पत्रकार भी हैं।

केडी सिंह के इस्तीफे के कारण झारखंड में राज्यसभा की एक सीट के लिए उपचुनाव हुआ। चूंकि राज्य में भाजपा की सरकार है लिहाजा अकबर आसानी से चुनाव जीत गए। अकबर का कार्यकाल अगले साल समाप्त होगा। उन्होंने उपचुनाव में झामुमो के हुसैन अंसारी को पराजित किया था। अकबर टेलीग्राफ, इंडिया टुडे व एशियन एज सहित कई प्रकाशनों से जुड़े रहे। उन्होंने कई किताबें भी लिखी हैं।