पंजाब के मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू द्वारा पाकिस्तान की एक बार फिर से तारीफ करने को लेकर कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए भाजपा ने सोमवार को कहा कि सिद्धू का बयान बेहद असंवेदनशील और अपमानजनक है और इससे कांग्रेस पार्टी की दक्षिण विरोधी सोच प्रर्दिशत होती है। भाजपा प्रवक्ता जीवीएल नरसिम्हा राव ने संवाददाताओं से कहा, ‘ब्रेक इंडिया (भारत तोड़ो) कांग्रेस पार्टी का नया नारा है।’ कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सिद्धू को दक्षिण भारत के लोगों को अपमानित करने का कोई अधिकार नहीं है। उन्हें दक्षिण भारत के व्यंजन पसंद हो या नहीं हो, लेकिन उन्हें यह कहने का कोई अधिकार नहीं है कि दक्षिण भारत से अधिक पाकिस्तान पसंद है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि पूरी कांग्रेस पार्टी को पाकिस्तान अद्भुत लगता है, उससे हमें कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन भारत की जनता का और स्पष्ट रूप से दक्षिण भारत की जनता का अपमान करने का अधिकार आपको नहीं है। नरसिम्हा राव ने कहा कि इस प्रकार का बयान जातिगत हिंसा के आधार पर देश को बांटने का प्रयास है, साथ ही भारत के एक भाग के बारे में नकारात्मक छवि बनाने का भी प्रयास है। उन्होंने कहा कि सिद्धू का बयान बेहद असंवेदनशील और अपमानजनक है और इससे कांग्रेस पार्टी की दक्षिण विरोधी सोच प्रदर्शित होती है ।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि राहुल गांधी के तहत कांग्रेस पार्टी ने तय कर लिया है कि उसका कोई राजनीतिक भविष्य नहीं है और वह दोहरी रणनीति अपना रही है। एक पाकिस्तान के लिए प्रेम का भाव प्रदर्शित करता है और दूसरा भारत ब्रेक इंडिया रणनीति को आगे बढ़ाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का यह प्रयास वोट बैंक की राजनीति से प्रेरित है। नवजोत सिंह सिद्धू ने कथित तौर पर कहा था कि दक्षिण भारत जाने से ज्यादा बेहतर है पाकिस्तान जाना। सिद्धू ने भाषा और खानपान की समस्याओं के कारण दक्षिण भारत जाने से बेहतर पाकिस्तान जाने को बताया था।
अकबर ने अपना पक्ष रख दिया है: केंद्रीय मंत्री एमजे अकबर के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोपों पर राव ने कहा कि उन्होंने इस विवाद पर अपना पक्ष रख दिया है और मुद्दा यह नहीं है कि पार्टी उनसे सहमत है या असहमत। राव से यह पूछा गया कि क्या सत्ताधारी पार्टी कई महिलाओं की ओर से अकबर के खिलाफ लगाए गए आरोपों पर उनके बयान से सहमत है? इस पर उन्होंने कहा कि मामला सहमत या असहमत होने का नहीं है। उन्होंने अपना पक्ष सामने रख दिया है।
विदेश राज्य मंत्री अकबर ने रविवार को अपने खिलाफ लगे आरोपों को ‘गलत, मनगढ़ंत और आधारहीन’ करार दिया और कहा कि वे आरोप लगाने वालों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई कर रहे हैं। अकबर के इस्तीफे की बढ़ती मांग के बीच भाजपा के नेताओं और प्रवक्ताओं ने अब तक इस मुद्दे पर चुप्पी साध रखी थी। कुछ महिला केंद्रीय मंत्रियों ने ‘मीटू’ मुहिम का समर्थन किया है। इस मुहिम के तहत विभिन्न क्षेत्रों की महिलाएं सामने आकर यौन उत्पीड़न के अपने अनुभव साझा कर रही हैं
