दिल्ली के पूर्व मंत्री अरविंदर सिंह लवली की शनिवार (17 फरवरी, 2018) को कांग्रेस पार्टी में घर वापसी हो गई। वह पिछले साल अप्रैल में भाजपा में शामिल हो गए थे। लवली यहां कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की मौजूदगी में कांग्रेस में दोबारा शामिल हो गए। कांग्रेस पार्टी में दोबारा शामिल होने से पहले लवली ने राहुल गांधी से उनके निवास स्थान पर मुलाकात की। इस दौरान दिल्ली कांग्रेस प्रमुख अजय माकन, दिल्ली के पूर्व मंत्री हारून यूसुफ और पार्टी प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला भी उनके साथ थे।

माकन ने लवली की वापसी का ऐलान करते हुए मीडियाकर्मियों को बताया, ‘हमें यह बताते हुए खुशी हो रही है कि लवली वापस कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। हम उनका पार्टी में दोबारा स्वागत करते हैं।’ उन्होंने कहा, “उनकी दोबारा मौजूदगी से कांग्रेस मजबूत होगी और हम दिल्ली के लोगों की सेवा करेंगे।” पूर्व केंद्रीय मंत्री ने लवली और उनके परिवार की कई पीढ़ियों तक पार्टी की सेवा करने के लिए सराहना की। माकन ने कहा, “लवली और उनके परिवार ने लंबे समय तक कांग्रेस पार्टी की सेवा की है। वह दिल्ली की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष और दिल्ली सरकार में मंत्री रह चुके हैं।”

वहीं भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) छोड़कर फिर से कांग्रेस में शामिल हुए लवली ने कहा कि भाजपा में विचारधारा को लेकर वह सहज नहीं थे। लवली ने मीडिया से कहा, “कांग्रेस को छोड़ना मेरे लिए आसान निर्णय नहीं था। यह निर्णय पीड़ा में लिया गया था। विचारधारा के स्तर पर, मैं भाजपा में सहज नहीं था।” लवली पिछले वर्ष राष्ट्रीय राजधानी में नगर निगम चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हो गए थे। चार बार विधायक रह चुके लवली पहली बार 1998 में दिल्ली विधानसभा के लिए चुने गए थे। लवली की कांग्रेस में वापसी को यहां की 20 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव से पहले कांग्रेस के लिए बड़े प्रोत्साहन के तौर पर देखा जा रहा है।