प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने राजधानी में सब्जियों के बढ़ते दामों पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा है कि यह दिल्ली सरकार की लापरवाही का नतीजा है। उन्होंने उपराज्यपाल अनिल बैजल को पत्र लिखकर खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को सस्ती सब्जियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश देने का आग्रह किया है। प्रदेश भाजपा की ओर से जारी बयान में सूबे में पार्टी के मुखिया तिवारी ने कहा है कि राजधानी में सर्दियों में प्याज एवं टमाटर दक्षिण के राज्यों से आता है और इस साल उन राज्यों में भारी वर्षा में फसल नष्ट हुई है।
इसकी पूरी जानकारी होते हुए भी दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार के आपूर्ति विभाग ने प्याज एवं टमाटर की आपूर्ति के लिए कोई व्यवस्था नहीं की जिसके फलस्वरूप आज दिल्ली में टमाटर 60 से 80 रुपए प्रति किलो एवं प्याज 40 से 50 रुपए प्रति किलो बिक रहा है। वहीं सदिर्यों की सौगात मटर 100 से 125 रुपए प्रति किलो और फूल गोभी 40 से 60 रुपए प्रति किलो बिक रही है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने उपराज्यपाल अनिल बैजल को पत्र लिखकर निवेदन किया है कि वह खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक बुलाएं और दिल्ली में प्याज एवं टमाटर की आपूर्ति सही दामों पर सुनिश्चित करने के साथ ही मौसमी सब्जियों की उपलब्धता एवं दामों पर भी नजर रखने का आदेश जारी करें।