यहां के आनंद पर्वत इलाके में गुरुवार की रात एक युवती की उसके पड़ोस में रहने वाले युवक ने चाकू मारकर हत्या कर दी। वारदात में इलाके के दो युवक और एक महिला भी शामिल थी। पुलिस के मुताबिक मीनाक्षी (19) की हत्या के पीछे परिवारिक विवाद का पता चल रहा है। पुलिस ने शुक्रवार दोपहर आरोपी जय प्रकाश उर्फ सन्नी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक आनंद पर्वत की पंजाबी बस्ती में रहने वाली मीनाक्षी पर उस वक्त चाकुओं से हमला किया गया जब वह बाजार में सामान लेने गई थी। उस समय जयप्रकाश उर्फ सन्नी ने उसपर चाकूओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जब लड़की की मां बचाने आई तो उस पर भी चाकुओं से हमला कर घायल कर दिया।
चश्मदीदों का कहना है कि 2013 में लड़की ने तीनों आरोपियों जयप्रकाश, इलू और उसकी मां शशि के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज करवाया था। इसके चलते इन दोनों युवकों और उसकी मां को 15 दिन की जेल हुई थी। इसी बदले की मंशा से इन लोगों ने लड़की को कत्ल कर डाला।
स्थानीय पुलिस ने जयप्रकाश उर्फ सन्नी को दबोचा है। लड़की किसी निजी कंपनी में नौकरी करती थी और इसके पिता भी अक्सर बीमार रहते थे जबकि आरोपी गफ्फार मार्केट में सेल्स मैन का काम करता है।