Neha Singh Rathore New Song: ‘बिहार में का बा’ गाने से लोकप्रियता हासिल करने वाली लोक गायिका नेहा सिंह राठौड़ (Neha Singh Rathore) ने अब अपने नए गाने से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गुजरात सरकार पर निशाना साधा है।

नेहा सिंह राठौड़ बिहार की चर्चित लोक गायिका है। अब उनका नया भोजपुरी गाना गुजरात में का बा? रिलीज हो गया है। उन्होंने इस गाने पर मोरबी पुल हादसे का जिक्र करते हुए मोदी सरकार पर निशाना साधा है। इस गाने के बोल हैं, “लोग मरत बा डूब-डूब के, साहेब के सभवा जारी बा, गलती सब मरने वालों की ई प्रोपेगंडा भारी बा, का बा?”

सोशल मीडिया पर नेहा का यह नया गाना जमकर वायरल हो रहा है। नेहा ने इसे अपने यू-ट्यूब चैनल और ट्विटर अकाउंट पर भी शेयर किया है। यूजर्स इस पर तरह-तरह के कमेंट और रिएक्शन दे रहे हैं।

सामाजिक मुद्दों और राजनीति पर तंज: इसके साथ ही नेहा सिंह राठौड़ ने अपने ट्विटर अकाउंट पर लिखा, “लोग मरत बा डूब-डूब के, साहेब के सभवा जारी बा, गलती सब मरने वालों की प्रोपेगंडा भारी बा, का बा?” हाल ही में बिहार के लोकप्रिय पर्व छठ के अवसर पर नेहा सिंह राठौड़ ने कई लोकप्रिय गाने गाये जिन्हें लोगों ने काफी पसंद किया। नेहा सिंह अपने व्यंग्य गीत के लिए जानी जाती हैं। वो अक्सर सामाजिक मुद्दों और राजनीति को लेकर तंज कसती रहती हैं। नेहा सिंह राठौड़ का नया गाना गुजरात चुनाव को लेकर है।

मोरबी में पुल गिरने से 135 लोगों की मौत: गौरतलब है कि गुजरात के मोरबी में मच्छु नदी पर रविवार (30 अक्टूबर, 2022) को एक केबल ब्रिज टूटने से हुए हादसे में 135 लोगों की मौत हो गयी थी और कई लोग घायल हो गए थे। इस हादसे में अब तक 175 से ज्यादा लोगों को बचाया जा चुका है। शुक्रवार को मोरबी हादसे में पहली बड़ी कार्रवाई हुई है। मोरबी नगरपालिका के चीफ ऑफिसर संदीप सिंह जाला को सस्पेंड कर दिया गया।

इस हादसे के बाद पुलिस ने 9 लोगों को गिरफ्तार किया था। लोकल कोर्ट ने नौ में से चार लोगों को 5 नवंबर 2022 तक के लिए पुलिस कस्टडी में भेज दिया है, वहीं बाकी 5 को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।