नोएडा सेक्टर-135 स्थित एक फार्महाउस में एसएसपी वैभव कृष्ण के नेतृत्व 100 पुलिसकर्मियों की टीम ने शनिवार (4 मई) रात छापा मारा। यहां से रेव पार्टी करते हुए करीब 200 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें 161 लड़के और 31 लड़कियां थीं, जो नशे में झूम रहे थे। बताया जा रहा है कि नोएडा के फार्महाउस में हो रही इन रेव पार्टी में स्थानीय पुलिस की भूमिका सामने आई है। वहीं, एक थाना प्रभारी (SHO) की मिलीभगत भी बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से विदेशी शराब, हुक्के, डीजे और 38 गाड़ियां बरामद की हैं। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए अधिकतर लोग दिल्ली के हैं। वहीं, कुछ हरियाणा, गाजियाबाद और नोएडा से भी ताल्लुक रखते हैं।

फार्महाउस का मालिक भी गिरफ्तार : एसएसपी वैभव कृष्ण ने बताया कि इस मामले में एक्सप्रेसवे थाना पुलिस की भूमिका संदेह के घेरे में है। माना जा रहा है कि ऐसी पार्टियां स्थानीय पुलिस की मिलीभगत से होती थीं। इस मामले में एसएचओ की जांच भी की जाएगी। वहीं, फार्महाउस के मालिक अमित मलिक और उसके साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

National Hindi News, 6 May 2019 LIVE Updates: दिनभर की हर खबर पढ़ने के लिए यहां करें क्लिक

सोशल मीडिया पर दिया जाता था इनविटेशन : पुलिस के मुताबिक, फार्महाउस का मालिक अमित पर हर वीकएंड पर पार्टियां कराता था। इसके लिए फेसबुक और वॉट्सऐप पर ‘शनिवार पूल पार्टी’ के पोस्ट डाले जाते थे और लोगों को इनवाइट किया जाता था। लड़कों की एंट्री फीस के तौर पर 10 हजार रुपए देने पड़ते थे। वहीं, बतौर एंटरटेनर आने वाली लड़कियों की एंट्री फ्री रखी गई थी।

रात भर चलती थी पार्टी : पुलिस की जांच में पता चला है कि इस फार्महाउस में हर वीकेंड पर रेव पार्टी होती थी। इन पार्टियों के लिए खास लोगों को वॉटसऐप ग्रुप और फेसबुक पर बने ग्रुप के जरिए सूचना दी जाती थी। महफिल में आने वालों को पूरी रात डांस, म्यूजिक, ड्रग्स और सेक्स का कॉकटेल मिलता। रात भर मस्ती करने के बाद युवक-युवतियां अगले दिन घर लौटते थे।