बिहार चुनाव के लिए एनडीए ने अपना संकल्प पत्र जारी कर दिया है। संकल्प पत्र में कई वादे किए गए हैं। महागठबंधन भी अपना घोषणा पत्र जारी कर चुका है। तेजस्वी यादव ने खुद कई बड़ी घोषणाएं की हैं, वहां भी नौकरियों पर खास फोकस रहा।
एनडीए ने अपने संकल्प पत्र में एक करोड़ नौकरी देने का ऐलान किया है, इसके अलावा महिलाओं को दो लाख तक की मदद देने की बात भी कही गई है। इसके अलावा एक करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इसके अलावा अतिपिछड़ा वर्ग के विभिन्न व्यावसायिक समूहों तांती, ततमा, निषाद, मल्लाह, केवट, गंगोता, बिंद, नोनिया, तेली, तमोली, बढ़ई, धानुक, लोहाड़, कुम्हार, नाई, शिल्पकार, ठठेरा, माली, चंद्रवंशी, हलवाई, कानू, दांगी, तुरहा, अमात, केवर्त, राजवंशी, गड़ेरिया, इत्यादि अतिपिछड़े वर्गों को ₹10 लाख की सहायता देने की बात कही गई है। ऐलान हुआ है कि सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समिति का गठन होगा जो अतिपिछड़ा वर्ग की विभिन्न जातियों के सामाजिक और आर्थिक स्थिति का आकलन करके इन जातियों के सशक्तिकरण के लिए न्यायोचित कदम उठाने के लिए सरकार को सुझाव देने का काम करेगी।
एनडीए ने ऐलान किया है कि ‘कर्पूरी ठाकुर किसान सम्मान निधि’ की शुरुआत कर किसानों को प्रति वर्ष ₹3,000, कुल ₹9,000 की सहायता दी जाएगी। एग्री-इन्फ्रास्ट्रक्चर में ₹1 लाख करोड़ का निवेश करने की बात भी हुई है। इसके अलावा जुब्बा सहनी मत्स्य पालक सहायत3ा योजना की शुरुआत का ऐलान हुआ है। योजना के तहत प्रत्येक मत्स्य पालक को ₹4,500 दिए जाएंगे और कुल राशि 9,000 रुपये होगी।
एनडीए ने ऐलान किया है कि सरकार बनने पर ‘बिहार दूध मिशन’ की शुरुआत की जाएगी। हर प्रखंड स्तर पर चिलिंग और प्रोसेसिंग सेंटर्स स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर भी कई ऐलान हुए हैं। वादा किया गया है कि 7 एक्सप्रेसवे, 3,600 किमी रेल ट्रैक का आधुनिकीकरण किया जाएगा। इसके अलावा अमृत भारत एक्सप्रेस और नमो रैपिड रेल सेवा का विस्तार किया जाएगा।
जानकारी के लिए बता दें कि एनडीए ने जब अपना संकल्प पत्र जारी किया तब इस मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री और HAM(S) नेता जीतन राम मांझी, केंद्रीय मंत्री और LJP-रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान, RLM के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा और अन्य नेता मौजूद रहे।
