Nagaland Elections Result : नागालैंड में भाजपा और एनडीपीपी गठबंधन ने बड़ी जीत हासिल की है। यहां गठबंधन को 37 सीटें हासिल हुई हैं। नागालैंड की राजनीति में मजबूत चेहरा कहे जाने वाले नेफियू रियो लगातार पांचवीं बार मुख्यमंत्री के रूप में पद ग्रहण करने के लिए तैयार हैं।

70 वर्षीय नेफियू रियो ने इस जीत के साथ अनुभवी नेता एस सी जमीर का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। जिन्होंने तीन बार पूर्वोत्तर राज्य का नेतृत्व किया था। नेफियू रियो ने कोहिमा जिले की उत्तरी अंगामी द्वितीय सीट से कांग्रेस के सेईविली साचू को 15,824 वोटो के अंतर से हराया है। उन्हें 17,045 वोट मिले, वहीं साचू को 1,500 से भी कम वोट से संतुष्ट होना पड़ा है।

नेफियू रियो के बारे में

11 नवंबर, 1950 को एक अंगामी नागा परिवार में जन्मे नेफियू रियो ने अपनी शुरुआती शिक्षा कोहिमा के बैपटिस्ट इंग्लिश स्कूल में प्राप्त की और फिर पश्चिम बंगाल के सैनिक स्कूल, पुरुलिया में अध्ययन के लिए चले गए। बाद में उन्होंने सेंट जोसेफ कॉलेज, दार्जिलिंग में अध्ययन किया और कोहिमा आर्ट्स कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के लिए वापस आ गए।

वह अपने स्कूल और कॉलेज के दिनों में एक सक्रिय छात्र नेता रहे। उन्होने बहुत कम उम्र में राजनीति में प्रवेश कर लिया था।1974 में कोहिमा जिले में यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट की युवा शाखा के अध्यक्ष के रूप में अपने लगभग पांच दशक लंबे राजनीतिक जीवन की शुरुआत की और बाद में नागालैंड के अध्यक्ष बने।

8 चुनाव लड़े, सिर्फ एक हारे

नेफियू रियो अब तक 8 बार चुनावी मैदान में उतरे हैं। वह सिर्फ 1987 में अपना पहला चुनाव हार गए थे। उन्होंने उस समय एक निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था। 1989 उन्होने कांग्रेस का दामन थामा था, जिसके बाद उनके राजनीतिक जीवन में काफी प्रोग्रेस दिखाई दी थी। अपनी पहली अस्थायी जीत के बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा लगातार चुनावों में जीत हासिल की।

वह 2002 राज्य के गृह मंत्री बनाए गए। हालांकि, इस ही वर्ष उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी और नागा पीपुल्स फ्रंट (एनपीएफ) के मुर्गा प्रतीक को पुनर्जीवित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Assembly Election Results: सही साबित हुए एग्जिट पोल के रुझान, त्रिपुरा-नागालैंड में चला मोदी मैजिक | VIDEO

नेफियू रियो एस सी जमीर को गद्दी से हटाने में कामयाब रहे और 2003 में पहली बार मुख्यमंत्री बने। हालांकि, जनवरी 2008 में राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू होने पर उन्हें मुख्यमंत्री के पद से बर्खास्त कर दिया गया था।