कर्नाटक की एक 60 वर्षीय महिला ने सिर्फ एक मिनट में छह इडली खाकर मैसूर दशहरा उत्सव पर होने वाली प्रतियोगिता में जीत अपने नाम कर ली। पहले स्थान पर रही इस महिला ने मंगलवार (1 अक्टूबर) को मैसूर में होने वाली इस अनोखी प्रतियोगिता में शिरकत की थी। यह प्रतियोगिता खासतौर से महिलाओं के लिए ही आयोजित की जाती है। 1 मिनट में जो सबसे ज्यादा इडली खाती है, उसे विजेता घोषित कर दिया जाता है। इडली दक्षिण भारत का एक प्रसिद्ध भोजन है, जो अब दुनियाभर में मशहूर है।

10 दिनों तक चलता है दशहरा उत्सवः हुल्लाहल्ली की रहने वाली इस महिला का नाम सरोजअम्मा है।मैसूर में दशहरा उत्सव 10 दिनों तक मनाया जाता है। यह नवरात्रि के पहले दिन से शुरू होकर विजयादशमी पर खत्म होता है। यह दिन देशभर में बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक के रूप में मनाया जाता है।

मैसूर पैलेस में जलते हैं एक लाख बल्बः मैसूर में इस त्योहार पर लोगों में खासा उत्साह का माहौल होता है। त्योहार के दौरान यहां के प्रसिद्ध मैसूर पैलेस में 1 लाख बल्ब जलाए जाते हैं। इस दौरान महल का खूबसूरत नजारा देखने लायक होता है।

देशभर में इन दिनों त्योहारों की धूम है। विविधता में एकता की प्रतीक भारतीय संस्कृति में हर राज्य में विभिन्न त्योहार अलग-अलग तरीके से मनाए जाते हैं। जन्माष्टमी से शुरू होने वाला त्योहारों का यह सिलसिला दिवाली के बाद तक चलेगा। इस दौरान अलग-अलग राज्यों में कई तरह के त्योहार मनाए जाते हैं। इस दौरान कई तरह की प्रतियोगिताएं आयोजित होती हैं। इन प्रतियोगिताओं में लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। इन प्रतियोगिताओं में दही हांडी भी खासी लोकप्रिय है। कहीं यह प्रतियोगिता जन्माष्टमी पर होती है तो कहीं गणेशोत्सव पर। महाराष्ट्र और खासतौर से मुंबई में इस दौरान खासा जश्न का माहौल होता है।