अलीगढ़ की एक स्थानीय मुस्लिम महिला नेता का आरोप है कि उसे पिछले कुछ दिनों से लगातार अपने ही समुदाय के लोगों से जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। महिला ने इस सिलसिले में बुधवार को अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई। महिला अलीगढ़ में भाजपा की स्थानीय नेता है। उनका आरोप है कि अयोध्या में राम मंदिर के लिए जिस दिन भूमिपूजन कार्यक्रम हो रहा था, उस दिन उन्होंने भी अपने घर में भूमिपूजन कार्यक्रम रखा था। इसी को लेकर उनके समुदाय के कुछ लोगों ने एसिड फेंकने की धमकी दी है।
शिकायतकर्ता का नाम रूबी आसिफ खान बताया गया है। उन्होंने खुद को अलीगढ़ में भाजपा का महावीरगंज महिला मोर्चा की सचिव बताया। रूबी का कहना है कि आरोपियों ने उन्हें जलाने के साथ पास की एक मस्जिद में पैम्फलेट भी लगाए, जिसमें कहा गया है कि उन्हें (रूबी को) इस्लाम से निर्वासित कर दिया गया है।
पुलिस ने इस मामले में दिल्ली गेट पुलिस स्टेशन में आईपीसी की धारा-295ए (धार्मिक मान्यताओं का अपमान कर धार्मिक भावनाएं भड़काने) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत केस दायर कर लिया है। शिकायकर्ता के मुताबिक, वे और उनकी पड़ोसी बेबी खान ने 5 अगस्त को राम मंदिर के भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान ही अपने घर में राम लला की पूजा की थी। उन्होंने बताया- “मैंने राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को मंदिर निर्माण में योगदान के तौर पर 5100 रुपए का चेक और रामलला के लिए एक राखी भी भेजी थी।”
