पंजाब के लुधियाना में गुरुवार देर रात एक निहंग सिख (Nihang Sikh) की सबके सामने हत्या कर दी गई। ये घटना लुधियाना के डाबा रोड (Daba Road) स्थित गिल कॉलोनी इलाके में हुई। पुलिस के अनुसार दो हमलावर एक बाइक पर आए और 30 वर्षीय बलदेव सिंह पर तलवार और अन्य धारदार हथियारों से हमला कर दिया। पुलिस ने कहा कि बलदेव सिंह (Baldev Singh) पैदल चल रहे थे और भागने का प्रयास किया लेकिन हमलावरों ने पीछा किया और तलवार से हमला कर दिया। बलदेव सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
आपसी रंजिश का है मामला
सहायक पुलिस आयुक्त (Industrial Area-B) गुरप्रीत सिंह ने हमलावरों की पहचान प्रिंस और अंकित के रूप में बताई है। गुरप्रीत सिंह (ACP Gurpreet Singh) ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “ये घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। तीन दिन पहले जब बलदेव ने छबील (लोगों को पानी पिलाने के लिए सामुदायिक सेवा) का आयोजन किया था, तब उनमे और उनके प्रतिद्वंद्वी प्रिंस के बीच झगड़ा हुआ था। बलदेव को शक था कि आरोपी उसकी बहन को परेशान करता था, जिसके बाद उसकी झड़प हुई थी। प्रिंस ने बाद में बदला लिया और उसे मार डाला।”
पुलिस ने बताया कि बलदेव सिंह का आपराधिक रिकॉर्ड भी था। बलदेव सिंह के खिलाफ चोरी जैसे छोटे अपराधों की कम से कम 10 एफआईआर दर्ज की जा चुकी थीं। बता दें कि डाबा थाने (Daba police station) में हत्या का एफआईआर दर्ज कराया गया है।
ड्राइवर था बलदेव सिंह
निहंग सिख बलदेव ड्राइवरी का काम करता था। गुरुवार रात वह काम से वापस आकर डॉक्टर से दवाई लेने के लिए जा रहा था। उसी दौरान उसपर हमला हुआ। ACP गुरप्रीत सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और कहा कि इलाके में लगे CCTV कैमरे खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बता दें कि बलदेव पर हमला करने के बाद हमलावर फरार हो गए। बलदेव सड़क पर ही पड़ा था और तड़प तड़प कर मर गया। बाद में सड़क पर आने जाने वालों ने बलदेव का शव देखा और फिर पुलिस को सूचना दी गई।