मुंबई की एक एक्ट्रेस ने एक ब्यूटी क्लीनिक संचालक पर उसे शादी का झांसा देकर उसके साथ 4 साल तक बलात्कार करने का आरोप लगाया है। फिलहाल महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना की जांच कर रही है। खबर के अनुसार, मुंबई में रहने वाली एक महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज करायी है कि मुंबई के चूनाभट्टी इलाके में रहने वाले एक युवक से वह करीब चार साल पहले मिली थी। महिला ने पुलिस को दी शिकायत में खुद को एक्ट्रेस बताया है।

पीड़िता के अनुसार, ब्यूटी क्लीनिक संचालक ने उसे भोपाल में नौकरी दिलाने का वादा किया था। इसके बाद दोनों भोपाल गए और वहां एक होटल में आरोपी ने पीड़िता के साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद आरोपी ने पीड़िता के साथ शादी का वादा किया और इस तरह आरोपी ने साल 2014 से लेकर साल 2018 तक महिला के साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। महिला का कहना है कि अब आरोपी शादी की बात से मुकर गया है।

इसके चलते पीड़िता की इसकी शिकायत पुलिस में की है। फिलहाल मुंबई पुलिस ने इस मामले में जीरो एफआईआर दर्ज की है और मामले की केस डायरी भोपाल के एमपी नगर थाने भेज दी है। वहीं भोपाल में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मुंबई पुलिस द्वारा मिली केस डायरी की जांच करने के बाद एक पुलिस टीम को जल्द मुंबई भेजेगी, जो वहां पर पीड़िता का बयान दर्ज कर मामले की आगे जांच कर रही है।

बता दें कि बीत हफ्ते ही मुंबई बेस्ड एक अन्य एक्ट्रेस ने भी एक व्यक्ति पर बलात्कार और शोषण करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज करायी थी। रिपोर्ट के अनुसार, 26 वर्षीय मॉडल-एक्ट्रेस साल 2017 में एक शूट के दौरान 34 वर्षीय एक पुरुष मॉडल-एक्टर से मिली थी। आरोपी नोएडा का निवासी है और काम के सिलसिले में मुंबई आता जाता रहता है। पीड़िता ने शिकायत में बताया कि आरोपी ने उसके साथ शादी का वादा किया और फिर उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए।

इसके बाद आरोपी महिला को किसी अन्य दोस्त या पुरुष एक्टर के साथ दोस्ती ना करने और उनसे दूरी बनाने का दबाव बनाता था। जब पीड़िता उसकी बात नहीं सुनती तो वह उसके साथ मारपीट और गाली-गलौच भी करता। पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी शादीशुदा है और पीड़िता से उसने यह बात छिपायी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।