मुंबई के चुनाभट्टी इलाके में ताबड़तोड़ फायरिंग की गई है, इस गोलीबारी में एक शख्स की मौत हो चुकी है और कई घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को पास के ही अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच के बाद ये कोई पुरानी रंजिश का मामला भी बताया जा रहा है।
क्यों की गई फायरिंग?
इस घटना में मृतक की पहचान पूप्पू एरुनकर नाम के एक शख्स के तौर पर हुई है जिसका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। वो हाल ही में जेल से बाहर आया था। अब उसकी किसी से दुश्मनी थी या इस गोलीबारी का कारण कुछ और है, पुलिस इस बात को पता करने में लगी हुई है। अभी के लिए किसी भी जांच के पहलू को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा। मुंबई क्राइम ब्रांच में इस घटना के बाद सक्रिय हो गई है।
पुलिस जांच में क्या पता चला?
बताया जा रहा है कि रविवार को दोपहर तीन बजे ये घटना हुई और इसमें कुल 3 लोग जख्मी हो गए। पुलिस ने आरोपी की पहचान भी कर ली है, लेकिन अभी तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। दावा किया जा रहा है कि जल्द से जल्द उस आरोपी को पकड़ लिया जाएगा। वैसे इस देश में इस तरह की फायरिंग घटनाएं काफी आम हो गई हैं। कई लोगों की जान इस तरह की फायरिंग में गई हैं।
कुछ महीने पहले महाराष्ट्र के पालघर में जयपुर मुंबई पैसेंजर ट्रेन में गोलीबारी की खबर सामने आई थी। इस घटना में में चार लोगों की मौत हो गई थी। बताया गया था कि एक पुलिस कॉन्स्टेबल ने इस वारदात को अंजाम दिया था।