महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के धारावी इलाके में सात साल के एक बच्चे की नाले में बहने से मौत हो गई। घटना धारावी की राजीव गांधी कॉलोनी में हुई। बता दें कि इसी हफ्ते मुंबई में ऐसी तीसरी घटना हुई है। पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और लड़के को नाले से बाहर निकाला। इसके बाद उसे सायन हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति गुस्सा देखा गया।

एक हफ्ते से लापता है डेढ़ साल का बच्चाः बता दें कि 10 जुलाई को गोरेगांव में डेढ़ साल का दिव्यांश नाले में गिर गया था, उसका अब तक कुछ पता नहीं चल पाया। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया था। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि सड़क पर खेल रहा बच्चा अचानक खुले नाले में फिसल गया और बहकर आगे चला गया। इन दिनों भारी बारिश के चलते मुंबई में अधिकांश नाले उफान पर चल रहे हैं। दिव्यांश के परिजनों ने बीएमसी और मुंबई पुलिस के खिलाफ सड़क पर प्रदर्शन भी किया। आशंका जताई जा रही है कि बच्चा अरब सागर में बह गया है, हालांकि अभी तक इस संबंध में कोई पुख्ता जानकारी नहीं मिली है।

निर्माण कार्य के लिए खोदे गड्ढे ने ली जानः इसी बीच शुक्रवार (12 जुलाई) को भी इस तरह का हादसा होने की बात सामने आई थी। उस घटना में 12 साल का एक लड़का नाले में गिरने के चलते मौत का शिकार हो गया। यह घटना समुद्र तट के नजदीक स्थित वरली में एक निर्माण कार्य के लिए खोदे गए गड्ढे में हुई थी। बीएमसी ने मृतक का नाम बबलू कुमार पासवान बताया था। गौरतलब है कि बारिश के शुरुआती दिनों में ही मुंबई में दीवार और बिल्डिंग गिरने के कुछ हादसों में कई लोगों की जान जा चुकी है।