समाजवादी पार्टी के संस्थापक और पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव का अंतिम संस्कार मंगलवार को उनके पैतृक गांव सैफई में राजकीय सम्मान के साथ किया गया। अखिलेश यादव ने पिता मुलायम सिंह यादव को मुखाग्नि दी। उनका पार्थिव शरीर सोमवार की दोपहर सैफई पहुंचा था। मंगलवार की दोपहर उनका पार्थिव शरीर को मेला ग्राउंड लाया गया था। नेता जी के बेटे अखिलेश ने पत्नी डिंपल यादव के साथ अंतिम संस्कार से पहले की विधियां पूरी कीं। भाजपा सांसद वरुण गांधी मंगलवार को सैफई पहुंचे और मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान वह अखिलेश यादव को गले लगाकर भावुक हो गए और रोने लगे।
अंतिम संस्कार में पहुंचे केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत, मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, अभिनेता अभिषेक बच्चन ने नेताजी मुलायम सिंह यादव के अंतिम दर्शन किए और अपनी श्रद्धांजलि दी।
तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू और भारतीय जनता पार्टी नेता रीता बहुगुणा जोशी भी यादव को अंतिम विदाई देने के लिए सैफई मेला ग्राउंड पंडाल में पहुंच चुके हैं। उद्योगपति अनिल अंबानी, एनसीपी नेता शरद पवार भी सैफई पहुंचे और मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि दी।
भाजपा नेता वरुण गांधी अपनी मां मेनका गांधी के साथ सैफई पहुंचे और मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि दी। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने सैफई पहुंचकर मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि दी। सीएम योगी के साथ उनके कई सहयोगी मंत्री भी सैफई पहुंचे और मुलायम सिंह यादव के अंतिम दर्शन किये।
अंतिम संस्कार को लेकर चिता में प्रयोग के लिए चंदन की लकड़ी, इत्र, खुशबू, सामग्री आदि को कन्नौज से लाया गया है। शोक में इटावा जिले के स्कूल, बाजार, प्रतिष्ठान व्यापारियों और संचालकों ने स्वेच्छा से बंद कर रखे हैं।
जया प्रदा ने क्या कहा:
रामपुर लोकसभा क्षेत्र की पूर्व सांसद एवं फिल्म अभिनेत्री जयाप्रदा ने कहा कि आदरणीय नेताजी के स्वर्गवास की खबर सुनकर मुझे बहुत दुःख हुआ। नेताजी से मैं काफी प्रभावित थी। वे परिवार और समाज को हमेशा बांधकर और एकसाथ लेकर चलने की बात करते थे।
बता दें कि मेदांता अस्पताल के मुताबिक, मुलायम सिंह यादव का सोमवार सुबह 8:16 बजे निधन हुआ। मुलायम सिंह यादव का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव सैफई में 11 अक्टूबर को शाम 3 बजे होगा। वहीं यूपी सरकार ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर तीन दिन के राजकीय शोक का ऐलान किया है।
सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव का लंबी बीमारी के बाद सोमवार को निधन हो गया था। पढ़ें हाइलाइट्स
मुलायम सिंह के निधन की खबर सुनकर प्रशंसक ने दे दी जान
कानपुर में नेताजी मुलायम सिंह यादव की मौत की खबर सुनकर मजदूर ने आत्महत्या कर ली। मजदूर की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि राजेश कुमार यादव (50) इस्पात नगर में मजदूरी करता था। काम से वापस घर आते वक्त सोमवार को उसे मुलायम सिंह यादव के निधन की जानकारी मिली। इससे वह काफी दुखी हो गया और यह कहते हुए कि जब मुलायम सिंह नहीं रहे तो हम जीकर क्या करेंगे। उसने पांडु नदी में छलांग लगा दी। राजेश यादव की मौत के बाद पत्नी रामरती और चार नाबालिग बेटियां ममता, ललिता, सरिता और आरूषी का हाल बेहाल है।
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर शोक जताया
अपने शोक संदेश में सोनिया गांधी ने कहा, "मुलायम सिंह यादव के निधन की ख़बर सुनकर दुखी हूं। समाजवादी विचारों की एक मुखर आवाज़ आज मौन हो गई। देश के रक्षा मंत्री और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में मुलायम सिंह का योगदान सदा अविस्मरणीय रहेगा। उससे कहीं ज़्यादा, शोषितों और वंचितों के लिए उनका योगदान सदैव याद किया जाएगा।"
सैफई में मंच से गिरकर चोटिल हुईं साध्वी निरंजन ज्योति
भीड़ में धक्का लगने से सैफई मंच पर गिरकर सांसद फतेहपुर साध्वी निरंजन ज्योति चोटिल हो गईं। उपचार के लिए उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां उनके बाएं हाथ का सीटी स्कैन कराया गया।
राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान मौन रखा 'नेता जी' को दी श्रद्धांजलि
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और पार्टी के अन्य नेताओं ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम मुलायम सिंह यादव के लिए मौन धारण कर श्रद्धांजलि दी।
राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान मौन रखा 'नेता जी' को दी श्रद्धांजलि
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और पार्टी के अन्य नेताओं ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम मुलायम सिंह यादव के लिए मौन धारण कर श्रद्धांजलि दी।
नेपाल के प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउवा ने भी व्यक्त किया शोक
नेपाल के प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउवा ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें एक प्रख्यात समाजवादी नेता बताया। उन्होंने कहा, एक प्रख्यात समाजवादी नेता के रूप में मुलायम सिंह यादव ने न सिर्फ भारत बल्कि और बाहर के कई लोगों के जीवन को स्पर्श किया।
इन हस्तियों ने भी दी अंतिम विदाई
आंध्रप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, एनसीपी प्रमुख शरद पवार, सुप्रिया सुले व प्रफुल्ल पटेल, माकपा के महासचिव प्रकाश करात, सीताराम येचुरी, सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान व उनके बेटे अब्दुला आजम खान, स्वामी प्रसाद मौर्य, पूर्व मंत्री किरणमय नंदा, उद्यमी अनिल अंबानी, सहारा प्रमुख सुब्रत राय सहारा, फिल्म अभिनेता अमिताभ बच्चन की पत्नी व सपा सांसद जया बच्चन, उनके बेटे अभिषेक बच्चन, भाजपा सांसद मेनका गांधी व उनके सांसद पुत्र वरुण गांधी, आप नेता संजय सिंह, भाजपा नेता रीता बहुगुणा जोशी, रालोद प्रमुख जयंत चौधरी, सांसद इटावा राम शंकर कठेरिया, सपा सांसद शफीकुर्रहमान बर्क, कांग्रेस नेता कमलनाथ, सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बृजलाल खाबरी, सुबोधकांत सहाय, किसान नेता राकेश टिकैत, पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह, पूर्व मंत्री बलराम सिंह यादव, प्रदेश के मंत्रियों में जतिन प्रसाद, जयवीर सिंह, सुरेश खन्ना व राकेश सचान, पूर्व मंत्री उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा, इटावा सदर विधायक सरित भदौरिया आदि मौजूद रहे।
अंतिम संस्कार के समय मौजूद रहा पूरा परिवार
सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के अंतिम संस्कार के समय उनका पूरा परिवार मौजूद रहा। मुलायम के चचेरे भाई व सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव, भाई अभयराम सिंह यादव, राजपाल सिंह यादव, शिवपाल सिंह यादव, उनके पुत्र प्रतीक यादव, पुत्रवधू डिंपल यादव व अपर्णा यादव, अनुराग यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष अभिषेक यादव, ब्लाक प्रमुख सैफई मृदुला यादव, अक्षय यादव आदि मौजूद रहे।
लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सैफई इटावा में कहा कि यूपी में मुलायम सिंह यादव ने एक लंबे समय तक सामाजिक और राजनीतिक जीवन में जनता का विश्वास और भरोसा जीता।उनके जाने से आज देश दुखी है।
दिग्गज समाजवादी नेता व समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव मंगलवार को पंच तत्व में विलिन हो गए। उनके पैतृक गांव सैफई में हजारों की संख्या में लोगों ने उनकी अंतिम यात्रा में भाग लिया और ‘नेताजी’ के बड़े बेटे अखिलेश यादव ने नम आंखों से अपने पिता मुखाग्नि दी। मुखाग्नि देने से पहले अखिलेश ने सिर पर समाजवादी पार्टी (सपा) की लाल टोपी लगाई।
जब अखिलेश यादव अपने पिता मुलायम सिंह यादव को मुखाग्नि दे रहे थे, तब उनके प्रशंसक, समर्थक, पार्टी कार्यकर्ता और आम जनता नेताजी के अमर रहे के नारे लगा रहे थे। उनके चाहने वालों में से कई रोने लगे।
यूपी के पूर्व सीएम मुलायम सिंह यादव के अंतिम संस्कार में कांग्रेस अध्यक्ष पद के उम्मीदवार मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी और पार्टी के अन्य नेता शामिल हुए।
भाजपा सांसद वरुण गांधी मंगलवार को सैफई पहुंचे और मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान वह अखिलेश यादव को गले लगाकर भावुक हो गए और रोने लगे।
बाबा रामदेव भी सपा संरक्षक के अंतिम संस्कार में पहुंचे, हजारों की भीड़ मौजूद, कुछ देर में मुलायम सिंह यादव पंचतत्व में विलीन हो जाएंगे।
तेजस्वी यादव, किरीट सोमैया, साध्वी निरंजन ज्योति ने मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की।
साइकिल, मोटरसाइकिल, कार में सवार सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ता और लोग कई इलाकों से अंतिम संस्कार में हिस्सा लेने के लिए सैफई पहुंचे।
अखिलेश यादव ने अपनी पत्नी डिंपल यादव के साथ अंतिम संस्कार से पहले की विधियां की।
मेला ग्राउंड में कार्यकर्ताओं का सैलाब उमड़ पड़ा है। हर कोई मुलायम सिंह यादव के अंतिम दर्शन के लिए पहुंचा है। कार्यकर्ताओं की आंखों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह भी मुलायम सिंह यादव के अंतिम संस्कार में होंगे शामिल। राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत भी जाएंगे सैफई।
शिवपाल सिंह यादव, समाजवादी पार्टी के सांसद रामगोपाल यादव, भाजपा सांसद रीता बहुगुणा जोशी और अन्य नेताओं ने मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि दी।
मुलायम सिंह यादव के पार्थिव शरीर को मेला ग्राउंड लाया गया। दोपहर तीन बजे राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार।
मुलायम सिंह यादव के पार्थिव शरीर को नुमाइश ग्राउंड पंडाल में ले जाया जा रहा है। रास्ते में उनके दर्शन के लिए लोगों का हुजूम उमड़ा।
सैफई में आज दोपहर तीन बजे मुलायम सिंह का अंतिम संस्कार, मेला ग्राउंड में होंगे आखिरी दर्शन, सैफई में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई।
एमपी के पूर्व सीएम कमलनाथ और छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल भी मुलायम सिंह यादव के अंतिम संस्कार में होंगे शामिल।
वरिष्ठ सपा नेता जनाब आजम ख़ान साहब ने मुलायम सिंह के अंतिम दर्शन कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
मुलायम सिंह यादव के निधन पर पूरे देश और यूपी के जिलों से राजनीतिक और गैर-राजनीतिक लोग अंतिम दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। अंत्येष्टि स्थान पर बड़ा और विशाल पंडाल बनाया गया है।
सैफई में मुलायम सिंह यादव के अंतिम दर्शन के लिए पहुंचने वालों का तांता लगा हुआ है। मुलायम सिंह यादव का पार्थिव शरीर सैफई पहुंचने के बाद हजारों समर्थक उनके आखिरी दर्शन के लिए उमड़ पड़े।
समाजवादी पार्टी सुप्रीमो और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का अंतिम संस्कार आज सैफई गांव में उनके पैतृक आवास पर होगा। अंतिम संस्कार में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के साथ कई मुख्यमंत्री भी शामिल हो सकते हैं।
बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव और तेलंगाना के सीएम केसीआर भी सैफई में होंगे। वहीं मंगलवार को नीतीश कुमार के नागालैंड के दौरे पर रहने के चलते वे अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सकेंगे। ऐसे में नीतीश कुमार बुधवार(12 अक्टूबर) को सैफई जाएंगे।
मंगलवार को भारत जोड़ो यात्रा को रोक कर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी सैफई पहुंच सकते हैं। वहीं राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल भी मंगलवार को सैफई जाएंगे।