Mukhtar Ansari Aide Haji Mukhtar Property: उत्तर प्रदेश में जब से योगी सरकार सत्ता में आई है, तब से माफिया मुख्तार अंसारी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। यूपी पुलिस मुख्तार के करीबियों पर लगातार शिकंजा कस रही है। वहीं मऊ में पुलिस की कार्रवाई से माफिया मुख्तार का करीबी हाजी मुख्तार अंसारी गिड़गिड़ाने लगा और कहा कि इससे अच्छा गोली मार देते। यह मंजर तो नहीं देखना पड़ता।
मऊ प्रशासन ने मंगलवार को हाजी मुख्तार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 करोड़ के शॉपिंग कॉम्पलेक्स को कुर्क किया है। इस दौरान माइक से अनाउंसमेंट किया गया और भारी पुलिस फोर्स के साथ कुर्की की गई।
पुलिस अधिकारियों का बताया कि अवैध तरीके से धन की उगाही कर इस प्रॉपर्टी को बनाया गया था। जिसके बाद इस पर कार्रवाई करते हुए कुर्क कर लिया गया है। इस कार्रवाई के वक्त पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स और राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर मौजूद रही।
हाजी मुख्तार पर दर्ज हैं कई मुकदमे
वहीं फातिमा कॉम्प्लेक्स पर जिला प्रशासन की इस कार्रवाई को लेकर हाजी मुख्तार ने कहा कि उन पर मुख्तार अंसारी से संबंध होने का आरोप लगाया जा रहा है। वो गलत है। उन्होंने कहा कि पहले उनके और मुख्तार के संबंधों की सीबीआई जांच करा ली जाए उसके बाद ही कोई कार्रवाई की जाए। आपको बता दें कि हाजी मुख्तार के खिलाफ जनपद के विभिन्न थानों में कई धाराओं में आपराधिक मुकदमें दर्ज हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक ने दी मामले की जानकारी
मऊ के अपर पुलिस अधीक्षक त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी ने जानकारी देते हुए बताया कि माफिया मुख्तार अंसारी के सहयोगी हाजी मुख्तार के ऊपर पूर्व में गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई थी। उनकी अवैध संपत्तियों का गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्क करने की कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि जिस मॉल को कुर्क किया गया है, वो हाजी मुख्तार ने अवैध तरीके से बनवाया है। जिसके बारे में वो कोई डिटेल नहीं दे पाए। इसलिए उसकी कुर्की की कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि मॉल की कीमत जमीन सहित लगभग 13 करोड़ की है। बता दें, कुर्की की यह कार्रवाई जहांगीराबाद में फातिमा शॉपिंग कॉम्पलेक्स में की गई।