मध्य प्रदेश निकाय चुनाव में बुधवार को आए 5 नगर निगम के नतीजों में भाजपा को झटका लगा है। रीवा में बड़ा उलटफेर हुआ है, जहां 25 साल बाद कांग्रेस का महापौर बना है। रीवा में कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी अजय मिश्रा ने 8953 वोटों से चुनाव जीत लिया है। रीवा के अलावा कांग्रेस को मुरैना में भी जीत मिली। देवास में बीजेपी की महापौर पद प्रत्याशी गीता दुर्गेश अग्रवाल की जीत हुई और रतलाम में भी बीजेपी प्रत्याशी प्रह्लाद पटेल जीते। कटनी में निर्दलीय प्रीति सूरी की जीत हुई है। वहीं, खरगोन में असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी के तीन उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है।

वहीं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की विधानसभा बुधनी में भाजपा का दबदबा है। यहां की तीनों नगर परिषद में बीजेपी ने शानदार प्रदर्शन किया है। नगर परिषद बुधनी, नसरुल्लागंज और रहटी मिलाकर कुल 45 वार्ड में कांग्रेस को मात्र 2 वार्डों में सफलता मिली।

इस जीत पर सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा, “मेरी विधानसभा बुधनी की तीनों नगर परिषद बुधनी, नसरुल्लागंज एवं रेहटी में मध्य प्रदेश भाजपा के प्रत्याशियों को आशीर्वाद देकर आप सभी नागरिकों ने विश्वास जताया। आप सभी का आभार एवं पार्टी के देवतुल्य कार्यकर्ताओं को धन्यवाद। विजयी प्रत्याशियों को मेरी शुभकामनाएं।”

मध्य प्रदेश निकाय चुनाव के नतीजों पर मध्य प्रदेश कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग ने कहा, “यह बात साफ हो गई है कि गांव से लेकर लोकसभा के चुनाव तक में मध्य प्रदेश की जनता का विश्वास भाजपा के साथ है। पीएम मोदी और सीएम शिवराज के प्रति लोगों में जबरदस्त आकर्षण है।”

Live Updates

MP Civic Polls phase 2 Result 2022: मध्यप्रदेश निकाय चुनाव के दूसरे फेज नतीजे, हाईलाइट्स…

10:54 (IST) 20 Jul 2022
देवास नगर निगम

देवास नगर निगम में भाजपा ने अपनी बढ़त बनाई है। यहां भाजपा के मेयर प्रत्याशी रुझानों में आगे हैं।

10:38 (IST) 20 Jul 2022
मुरैना नगर निगम में कांग्रेस को बढ़त

मध्य प्रदेश के मुरैना नगर निगम में कांग्रेस को बढ़त मिली है।

10:33 (IST) 20 Jul 2022
खरगोन में भाजपा और कांग्रेस का हाल

खरगोन के करही नगर परिषद में भाजपा ने 8 वार्ड पर अपना कब्जा जमाया है तो वहीं कांग्रेस ने 7 वार्ड पर जीत हासिल की है।

10:30 (IST) 20 Jul 2022
शुरुआती रुझानों में भाजपा-कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर

मध्य प्रदेश निकाय चुनाव के दूसरे चरण में भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। इसमें दो पर भाजपा और दो पर कांग्रेस को बढ़त मिली हुई है। वहीं एक नगर निगम पर अन्य ने बढ़त बनाई हुई है। फिलहाल यह आंकड़ें अभी शुरुआती हैं। ऐसे में स्थिति में आगे बदलाव संभव है।

10:28 (IST) 20 Jul 2022
इन नगर निगमों के आ रहे हैं नतीजे

मध्य प्रदेश नगर निकाय चुनाव में दूसरे चरण में पांच नगर निगम रतलाम, देवास, कटनी, रीवा और मुरैना की नतीजे आज सामने आ रहे हैं।

पांच नगर निगम जिनके लिए मेयर और पार्षद पदों के परिणाम बुधवार को घोषित किए जाएंगे, वे हैं कटनी, रीवा, देवास, रतलाम और मुरैना। पांच नगर निगमों में से मुरैना में 2.52 लाख, रीवा में 1.71 लाख, कटनी में 1.93 लाख, देवास में 2.39 लाख और रतलाम में 1.21 लाख वोट पड़े। शहरी स्थानीय निकाय चुनाव के अंतिम चरण के दौरान 25.20 लाख पुरुषों और 23.88 लाख महिलाओं सहित कुल 49.9 लाख मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है।