MP By-Elections 2020 से पहले सूबे में मंत्री इमरती देवी के खिलाफ पूर्व सीएम कमलनाथ के बयान पर फिलहाल घमासान मचा है। सोमवार को Congress के सीनियर नेता दिग्विजय सिंह ने इसे लेकर कमलनाथ का बचाव किया और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर निशाना साधा। कहा- मामा मदारी का किरदार निभाना बंद करें।
सिंह ने इस बाबत ट्वीट किया, “कमलनाथ ने किस संदर्भ में इमरती देवी को “आइटम” कहा- मैं नहीं जानता। लेकिन विरोध में भाजपा ने मौन रखने का निर्णय समझ से परे है। जब हाथरस में दलित युवती का बलात्कार हुआ तब भाजपा द्वारा एक शब्द इस घटना के ख़िलाफ़ में क्यों नहीं निकला? मामा मदारी का रोल न करो। नाटक नौटंकी बंद करो।”
हालांकि, दिग्विजय की इस टिप्पणी पर सोशल मीडिया यूजर्स ने जब प्रतिक्रिया दी, तो उन्हें से कुछ ने उन्हें आईना भी दिखाया। पुरानी घटना का जिक्र कर @NAME_is_AK नाम के हैंडल से कहा गया- आज कमलनाथ ने दिग्विजय सिंह की याद दिला दी। कभी ‘टंच माल’ कभी ‘आइटम’ कभी ‘जलेबी’ इन नेताओं की ज़ुबान ही नहीं सोच भी ख़राब है। जैसा सोचते हैं वैसा ही बोलेंगें न। हैरानी इस बात की है कि सोनिया चुप हैं।
@Digvijay021978 नामक यूजर ने कहा, “आपने खुद ये शब्द महिलाओं के लिए कहे हैं। कभी ‘टंच माल’ कभी ‘आइटम’ कभी ‘जलेबी’। इसलिए एक चाटुकार दूसरे चाटुकार को तो बचाऐगा ही। वैसे भी गांधी परिवार एंड कंपनी की नजरों में सिर्फ दो महिलाओं (सोनिया और प्रियंका के संदर्भ में) का सम्मान है। दलितों के सम्मान से क्या लेना देना।”
@punmis के अकाउंट से कहा गया, “आपके नेता महिला के सम्मान की झूठी बातें करते हैं। आपकी अपनी कार्यकर्ता महिला को आपके ही पार्टी के लोग सरेआम गालियां देते हैं। पीट-पीट कर भगा देते हैं। आपके काबिल मुख्यमंत्री महिला के नाम का मंच से मज़ाक करते हैं। उन्हें आइटम कहते हैं। और, आप जैसे लोग उसका भी बचाव।”
@anandips2001 ने लिखा- वाह राजा साहब वाह! अब इसमें भी आपको संदर्भ देखना है। अगर ऐसी घटना भाजपा के किसी व्यक्ति ने की होती तो आपको सारे संदर्भ अपने आप समझ में आ गए होते। किस को बेवकूफ बना रहे हो आप?
दरअसल, साल 2013 में एक जन सभा में दिग्विजय सिंह ने कहा था- मीनाक्षी नटराजन गांधीवादी हैं। सरल हैं। ईमानदार हैं। सबके पास जाती हैं। मुझे भी 40 साल का अनुभव है। पुराना जौहरी हूं राजनीतिज्ञों का। पता लग जाता है कि कौन सही है और कौन फर्जी। ये ‘100 टंच माल’ हैं।” इस बयान पर खूब विवाद हुआ था, जिसके बाद नटराजन को खुद सिंह के बचाव में उतरना पड़ा था। सफाई में उन्होंने कहा था कि दिग्विजय ने उनकी तारीफ में ये बात कही थी।
देखें, क्या कहा था दिग्विजय ने मीनाक्षी नटराजन को लेकरः
क्या है ताजा विवाद?: म.प्र में 28 विस सीटों पर तीन नवंबर को उपचुनाव होना है, जिससे पहले पूर्व सीएम कमलनाथ ने मंत्री इमरती देवी को ‘आइटम’ करार दे दिया था। मामला रविवार का है। कमलनाथ इस दौरान इमरती के खिलाफ डबरा सीट से चुनाव लड़ रहे कांग्रेस प्रत्याशी सुरेश राजे के लिए प्रचार करने पहुंचे थे। उन्होंने कहा था, ‘‘डबरा से सुरेश राजे जी हमारे उम्मीदवार हैं। सरल स्वभाव के, सीधे-सादे हैं। ये तो उसके जैसे नहीं हैं। क्या है उसका नाम?’’ इसी बीच वहां मौजूद जनता जोर-जोर से ‘इमरती देवी’, ‘इमरती देवी’ कहने लगी।’’ बाद में हंसते हुए वह बोले, ‘‘मैं क्या उसका (डबरा की भाजपा प्रत्याशी) नाम लूं। आप तो उसको मेरे से ज्यादा पहचानते हैं। आपको तो मुझे पहले ही सावधान कर देना चाहिए था। ये क्या आइटम है?’’