प्रियंका गांधी को कांग्रेस महासचिव बनाए जाने के बाद से ही बयानों का दौर शुरू हो गया है। प्रियंका पर ताजा बयान विदेश राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह ने दिया है। उन्होंने कहा प्रियंका गांधी को महासचिव बना दिया गया है। कल उनके बच्चे भी बना दिए जाएंगे। बता दें कि इसके पहले उन्होंने प्रियंका का नाम लिए बिना कहा कि उनका प्रभाव पूर्वांचल में नहीं है।
दरअसल, एक ओर जहां प्रियंका गांधी की राजनीति में एंट्री को लेकर कांग्रेस समेत कई दलों के नेताओं ने स्वागत किया तो वहीं बीजेपी इसे राहुल गांधी के नेतृत्व को विफल होने का प्रमाण बता रही है। इस बीच नेताओं द्वारा जुबानी हमला भी बोला जा रहा है। इस क्रम में विदेश राज्यमंत्री वीके सिंह ने कहा, “प्रियंका गांधी पहले भी चुनाव प्रचार कर चुकी है। प्रियंका को अब महासचिव बनाया गया है। कल उनके बच्चे भी बना दिए जाएंगे। लेकिन ये जनता तय करेगी कि देश किसके नेतृत्व में आगे बढ़ेगा।” बता दें हाल ही में केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने भी एक बयान दिया था। जिसमें उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी वाड्रा की पूर्वी उत्तर प्रदेश के महासचिव के रूप में नियुक्ति में कुछ भी असामान्य नहीं था क्योंकि कांग्रेस को एक परिवार की चिंता है।
बता दें इसके पहले वाराणसी में प्रवासी भारतीय दिवस के मौके पर भी वीके सिंह ने प्रियंका का नाम लिए बिना कहा कि उनका प्रभाव तो मध्य यूपी में था पूर्वांचल में तो नहीं था। गौरतलब है कि पूर्वांचल में कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने के इरादे से ही प्रियंका को कमान सौपीं गई है। बता दें कि यूपी की सियासत में पूर्वांचल का खासा महत्व है। यह क्षेत्र पीएम मोदी, सीएम योगी समेत कई दिग्गज नेताओं का गढ़ माना जाता है।

