Monkeypox Cases: देश की राजधानी दिल्ली में मंकीपॉक्स का एक और मामला सामने आया है जिसके बाद यहां कुल मामलों की संख्या चार हो गई है। राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को नाइजीरिया की 31 वर्षीय महिला में मंकीपॉक्स के संक्रमण की पुष्टि हुई है, जिसके बाद देश में मंकीपॉक्स के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है।
हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हुई है महिला ने हाल ही में विदेश की यात्रा की थी या नहीं। देश में मंकीपॉक्स के आए सभी मामले केरल और दिल्ली में सामने आए हैं। सूत्रों ने बताया कि देश में वह पहली महिला है जिसमें मंकीपॉक्स के संक्रमण की पुष्टि हुई है। मंकीपॉक्स संक्रमण में बुखार हो जाता है और हाथ पर घाव हो जाते हैं। नाइजीरियाई महिला को बुखार है और उसके हाथ में घाव हैं। महिला को लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दिल्ली के पहले मरीज को मिली अस्पताल से छुट्टी
जानकारी के मुताबिक, महिला के नमूने जांच के लिये भेजे गए थे और बुधवार को उसमें संक्रमण की पुष्टि हुई। हाल ही में उसकी किसी विदेश यात्रा की जानकारी नहीं मिली है। इसके पहले, मंगलवार को एक 35 वर्षीय विदेशी नागरिक, जिसकी यात्रा का कोई हालिया इतिहास नहीं है, उसकी टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई थी। इस शख्स को एलएनजेपी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। इस बीच, दिल्ली में मंकीपॉक्स के पहले मरीज को सोमवार को एलएनजेपी अस्पताल से छुट्टी दी गई थी।
केरल में यूएई से लौटे शख्स की हुई थी मौत
अरविंद केजरीवाल सरकार ने दिल्ली के तीन निजी अस्पतालों को संदिग्ध मामलों और बीमारी के पुष्ट रोगियों के लिए आइसोलेशन वार्ड स्थापित करने का निर्देश दिया है। दिल्ली के अलावा, केरल में भी मंकीपॉक्स के मामले सामने आए हैं। देश में मंकीपॉक्स का पहला मामला केरल में सामने आया था। वहीं, केरल में शनिवार को एक शख्स की मौत हो गई। मरने वाला युवक यूएई से आया था और वो मंकीपॉक्स से संक्रमित था। मंकीपॉक्स के मामले दुनिया के कई देशों में सामने आ रहे हैं।