उत्तर प्रदेश की राजनीति से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, योगी सरकार में मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने यूपी प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। स्वतंत्र देव सिंह का कार्यकाल 16 जुलाई को समाप्त हो गया था, ऐसे में माना जा रहा है कि जल्द ही यूपी बीजेपी को अपना अगला अध्यक्ष मिल सकता है।

स्वतंत्र देव सिंह तीन साल बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष रहेउनको 19 जुलाई 2019 को यह पद सौंपा गया था। वह बीजेपी के तीसरे प्रदेश अध्यक्ष रहे जिन्होंने तीन साल का कार्यकाल पूरा किया। यूपी में पूर्व सीएम कल्याण सिंह और राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्रा सबसे लंबे वक्त तक बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष रहे. दोनों इस पोस्ट पर छह-छह साल तक रहे।

आपको बता दें कि इस समय स्वतंत्र देव सिंह यूपी सरकार में जल शक्ति मंत्री हैं। पिछले कई दिनों से यूपी बीजेपी के नए अध्यक्ष को लेकर चर्चा जोरों पर है। ज्ञात हो कि राज्य में भाजपा के सत्ता में आने के बाद से वह नए प्रदेश अध्यक्ष की तलाश में लगी हुई है।

इसके साथ ही पार्टी का नया प्रदेश अध्यक्ष चुनने के लिए केंद्रीय नेतृत्व 2024 की लोकसभा को ध्यान में रखेगा। लोकसभा के लिए ज्यादा समय नहीं है, लेकिन पार्टी जातिगत समीकरण को ध्यान में रखते हुए अगले प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव करेगी। अब सवाल यह है कि स्वतंत्र देव सिंह के इस्तीफे के बाद राज्य का अगला प्रदेश अध्यक्ष किसे बनाया जाएगा।

माना जा रहा है कि यूपी बीजेपी को 30 जुलाई तक नया प्रदेश अध्यक्ष मिल जाएगा। अब नामों को लेकर कयास लगाये जाने लगे हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि नया प्रदेश अध्यक्ष ओबीसी, ब्राह्मण में से कोई हो सकता है। या पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसी चेहरे को भी यह पद सौंपा जा सकता है।

आपको बता दें कि इस दौड़ में कई दिग्गजों के नाम की चर्चा तेज है। जिसमें पूर्व डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा का नाम इस रेस में सबसे आगे है। इसके अलावा प्रकाश पाल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित, बाबूराम निषाद, शिव प्रताप शुक्ला, लक्ष्मीकांत वाजपेयी, नरेश अग्रवाल, संजय सेठ, जफर इस्लाम आदि के नाम शामिल हैं।