पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती सोमवार को जम्मू कश्मीर की पहली महिला मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगी। मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद वह देश की पहली मुसलिम महिला मुख्यमंत्री बन जाएंगी, जो भाजपा के साथ गठबंधन सरकार की अगुआई करेगी। पीडीपी के संस्थापक मुफ्ती मोहम्मद सईद की बेटी 56 साल की महबूबा सोमवार सुबह 11 बजे जम्मू स्थित राजभवन में पद और गोपनीयता की शपथ लेंगी। महबूबा का मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेना जम्मू कश्मीर ही नहीं बल्कि देश के इतिहास में भी एक महत्वपूर्ण घटना होगी। राज्यपाल एनएन वोहरा ने शनिवार को पीडीपी अध्यक्ष को राज्य में पीडीपी भाजपा गठबंधन सरकार की अगुआई करने और सरकार बनाने को आमंत्रित किया था।

माना जा रहा है कि विचारधारा के स्तर पर एक दूसरे से विपरीत रुख रखने वाले ये दोनों दल अगर विवादों को दूर रखते हैं तो राज्य में पीडीपी और भाजपा सरकार सामान्य रूप से कामकाज कर सकती है। मुफ्ती मोहम्मद सईद का सात जनवरी को निधन हो गया था। पीडीपी और भाजपा गठबंधन में सज्जाद लोन की अगुआई वाली पीपुल्स कांफ्रेंस भी एक घटक है। विधानसभा में पीडीपी के 27 विधायक हैं जबकि भाजपा के 25 और पीपुल्स कांफ्रेंस के दो विधायक हैं और दो निर्दलीय इस गठबंधन का समर्थन कर रहे हैं।