दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के महरौली विधानसभा के लाडो सराय वार्ड पर सीधा मुकाबला कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) के बीच है। भाजपा के उम्मीदवार का परचा रद्द होने के बाद ‘आप’ के खेमे में रौनक बढ़ गई है। महरौली के विधायक नरेश यादव के मुताबिक, निवर्तमान पार्षद के कामों से यहां की जनता त्रस्त है। जबकि ‘आप’ अपने विधायकी कोटे के काम के बदौलत लोकप्रिय हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की उम्मीदवार बाहरी वार्ड (अंबेडकर नगर) से हैं। जबकि ‘आप’ उम्मीदवार किशनवती स्थानीय हैं और बीते दो सालों से लोगों से जुड़ी हैं। आम आदमी पार्टी के गृहकर माफी की घोषणा को जनता के लिए राहत वाला कदम बताते हुए उन्होंने पदयात्राओं व सभाओं का हवाला देकर दावा किया कि इस बार निगम में ‘आप’ की सरकार बनाने का मन बना चुकी है। उन्होंने कहा कि कुसुमपुर पहाड़ी में पाइप लाइन के जरिए पानी पहुंचाने का काम अंतिम चरण में हैं। इसका भी फायदा ‘आप’ को मिल रहा है।
बहरहाल, लाडो सराय अनुसूचित-महिला कोटे की सुरक्षित सीट है। यहां से भाजपा की उम्मीदवार पिंकी कुमारी का पर्चा रद्द हो चुका है। यहां केवल पांच उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। कांग्रेस से राजलक्ष्मी, ‘आप’ से किशनवती के अलावा बसपा से लता सोनी और दो निर्दलीय प्रभा और सरोजबाला चुनाव मैदान में हैं। यहां से 17 उम्मीदवारों ने परचा भरा था जिनमें से 12 किसी न किसी वजह से मैदान से बाहर हो चुके हैं। माना जा रहा है कि चार के परचे रद्द हो गए और बाकियों को ‘आप’ खेमा मनाने में कामयाब रहा। यहां 68 हजार से ज्यादा मतदाता हैं जिनमें से करीब एक चौथाई आबादी अनुसूचित जाति की है।
परिसीमन के बाद यह इलाका काफी बढ़ गया है। अब इसमें बेर सराय, मोतीलाल नेहरू कैंप, कुसुम पहाड़ी और जेएनयू का इलाका जुड़ गया है। इसके अलावा इस वार्ड में साकेत, कटवरिया सराय, लाडो सराय पहले से ही है। ‘आप’ की उम्मीदवार किशनवती जीत को लेकर आश्वस्त हैं। उन्होंने कहा यहां के पार्कों की हालत अच्छी नहीं है। निगम के कर्मचारी पूरी ड्यूटी नहीं करते। पार्षद उनसे मिली थीं। उन्होंने निवर्तमान पार्षद पर रेहड़ी पटरी वालों से उगाही का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि ‘आप’ के जीत के साथ ही इलाके की सूरत बदल जाएगी। किशनवती ने कहा कि ‘आप’ के यहां से जीतते ही निगम के कर्मचारी पूरे समय काम पर रहना होगा। हाजिरी लगाकर कर्मचारी पार्षद के मिली भगत से गायब हो जाता है।
इसे रोका जाएगा। सुबह 9:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक उन्हें इलाके में ड्यूटी पर रहना होगा। उन्होंने कहा कि गृहकर माफ होगा और साफ-सफाई व पार्क रखरखाव पहली प्राथमिकता में होगा। उन्होंने दावा किया कि साकेत व लाडो सराय में अब बरसात में पानी जमा नहीं होगा। ‘आप’ उम्मीदवार का दावा है कि पिछले निगम के कार्यकाल में यहां पार्षद की मिलीभगत से काफी अवैध निर्माण भी हुए। इसे रोका जाएगा और जनहित को प्राथमिकती मिलेगी।