Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के जगदलपुर (Jagdalpur) में शुक्रवार (2 दिसंबर, 2022) को बड़ा हादसा हुआ है। यहां खदान धंसने से सात मजदूरों की मौत हो गई है। जबकि कई मजदूर अभी भी फंसे हुए हैं। मरने वालों में महिला मजदूर के भी शामिल होने की खबर है। वहीं सूचना मिलने पर पुलिस और NDRF की टीम घटनास्थल पर पहुंच चुकी है। जगदलपुर बस्तर संभाग में स्थित है। बस्तर जिले के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के मालगांव में स्थित छुई खदान के धंस जाने से उसमें दबकर छह महिलाओं समेत सात लोगों की मौत हो गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ग्रामीण पीली मिट्टी की खदान से मिट्टी निकाल रहे थे, तभी ऊपर का हिस्सा उनके ऊपर गिर गया और सभी उसके नीचे दब गए। पीली मिट्टी एक प्रकार का चूना पत्थर होता है। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद अन्य ग्रामीणों ने उन्हें बचाने की कोशिश की और इसकी जानकारी पुलिस को दी।
दरअसल, छुईखदान में खुदाई के दौरान मिट्टी धंसने से 7 मजदूरों की मौत हुई है। मलबे में और भी लोगों के दबे होने की आशंका है। जेसीबी की मदद से सभी को निकालने को बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है। मौके पर एसडीआरएफ और जिला पुलिस मौजूद है। सभी मजदूर खदान में काम कर रहे थे।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जताया दुख
इस हादसे पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल (Bhupesh Baghel) ने दुख व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘जगदलपुर के मालगांव में एक खदान में हादसे के दौरान श्रमिकों की दुखद मृत्यु का समाचार मिला है। ईश्वर दिवंगत श्रमिकों की आत्मा को शांति एवं उनके परिवारों को हिम्मत दे। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। अन्य फंसे हुए लोग सुरक्षित निकलें, ऐसी प्रार्थना है।
पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने कहा- मृतकों के परिजनों को दिया जाए उचित मुआवजा
हादसे पर दुख जताते हुए पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने ट्वीट किया, ‘मालगांव, जगदलपुर में छुईखदान धंसने की हृदयविदारक दुर्घटना में 7 मजदूरों के निधन का दु:खद समाचार प्राप्त हुआ। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें एवं शासन से आग्रह है कि मृतकों के परिजनों एवं घायलों को उचित मुआवजा प्रदान किया जाए।