मध्य प्रदेश में एक बार फिर सरकार ने बुलडोजर कार्रवाई का तरीका अपनाया है। मामला मंदसौर के सुरजनी गांव का है। दो अक्टूबर की रात गांव में गरबा पंडाल पर पथराव हुआ था। मामले की जांच करते हुए पुलिस ने FIR दर्ज कर सात लोगों को हिरासत में ले लिया है। शेष फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए इनाम की घोषणा भी की गई है। पुलिस ने 3 आरोपियों के मकानों पर जेसीबी भी चलाया है।
पुलिस ने यह कार्रवाई रेवेन्यू डिपार्टमेंट के साथ मिलकर की है। प्रशासन का कहना है कि मकानों को जिन हिस्सों को तोड़ा गया है, वह अवैध निर्माण था। सरकार का बुलडोजर करीब 4500 स्क्वायर फीट जमीन पर चला है। मुक्त कराई गई जमीन की कीमत 3 करोड़ 50 लाख रुपए बताई जा रही है।
मंदसौर कलेक्टर के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से कार्रवाई का वीडियो साझा करते हुए लिखा गया है, ”मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देश एवं कलेक्टर गौतम सिंह के मार्गदर्शन में तहसील सीतामऊ के गांव सुरजनी में लगभग 3 करोड़ 50 लाख रुपये के अवैध निर्माण पर प्रशासन ने कार्रवाई की।”
कौन हैं आरोपी?
पुलिस ने जिन तीन आरोपियों का घर गिराया है, वह सभी मुस्लिम समुदाय से ताल्लुक रखते हैं। उनका नाम जफर, रईस और सलमान है। पुलिस ने सलमान खान को मुख्य आरोपी बनाया है। प्रशासन का दावा है कि जमींदोज की गए घर गैरकानूनी तरीके से ग्रामसभा की जमीन पर बनाए गए थे।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मंदसौर एसडीएम ने कार्रवाई की वजह को स्पष्ट करते हुए कहा है, ”ये अवैध निर्माण थे, इसलिए हमने इन्हें गिरा दिया। पंचायत द्वारा जानकारी दी गई थी कि ये मकान अवैध तरीके से पंचायत की भूमि पर बनाए गए हैं। इन्हें हटाने के लिए नोटिस भी दिया गया था, लेकिन इन्होंने कुछ नहीं किया। जिसके बाद प्रशासन ने ये कार्रवाई की है।”
बता दें कि रविवार 2 अक्टूबर की रात सलमान खान ने कथित तौर पर गरबा के आयोजनकर्ता और ग्राम प्रधान पर जानलेवा हमला किया था। सलमान पर अपने साथियों के साथ मिलकर गरबा पंडाल पर पथराव करने का भी आरोप है।