Mainpuri By-election: मैनपुरी लोकसभा सीट (Mainpuri Lok Sabha Seat) पर होने जा रहे चुनाव के लिए पूरा यादव परिवार जोर-शोर से सपा उम्मीदवार डिंपल यादव (Dimple Yadav) के लिए प्रचार करने में जुटा है। इस बीच धर्मेंद्र यादव (Dharmendra Yadav) ने भी शनिवार (19 नवंबर, 2022) को डिंपल के समर्थन में एक जनसभा को संबोधित किया, लेकिन इस दौरान वह स्टेज पर फफक कर रो पड़े। दरअसल, जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने सपा के संस्थापक मुलायम सिंह यादव का जिक्र किया, तो वे भावुक होकर रो पड़े।

मुलायम सिंह यादव के अंतिम संस्कार के दौरान भी धर्मेंद्र यादव फूट-फूट कर रोते हुए नजर आए थे। मैनपुरी में भाषण शुरू करते हुए धर्मेंद्र ने कहा कि जिन लोगों ने नेताजी के बाद इस चुनाव को चुनौती देने की कोशिश की है, उनको अपने वोट के माध्यम से भरपूर जवाब दे देना। उन्होंने आगे कहा कि इन लोगों को मुंह पर जवाब दे देना ताकि ये नेताजी के नाम पर ढोंग ना कर पाएं, ये मेरी आपसे अपील और प्रार्थना है।

धर्मेंद्र यादव ने कहा, “जो लोग कुछ दिन पहले श्रद्धांजलि के लिए गए थे, वो आज आदरणीय डिंपल यादव के खिलाफ उम्मीदवार बने घूम रहे हैं। हमारे मैनपुरी के क्रांतिकारी लोगों को आप वनवास करवा दोगे। बताओ मेरे मैनपुरी के लोगों वनवास करोगे? क्या नहीं किया नेताजी ने ऐसे लोगों के लिए।”

इसके बाद धर्मेंद्र यादव ने बीजेपी उम्मीदवार रघुराज सिंह शाक्य को भी निशाने पर लिया और कहा कि जिनकी पहचान नहीं थी उनको नेताजी ने विधानसभा से लेकर संसद तक पहुंचाया वे भी आज बड़ी-बड़ी बातें कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मुझे मैनपुरी की एक-एक चीज का एहसास है। शायद ही कोई ऐसा गांव होगा, जहां नेताजी के किए हुए काम ना हों। शायद ही कोई परिवार होगा , जिसकी नेताजी ने समय के साथ-साथ मदद ना की हो।

बता दें कि मैनपुरी लोकसभा सीट पर 5 दिसंबर को चुनाव होगा। मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद ये सीट खाली हो गई थी, जिस पर अब चुनाव होने जा रहा है।