महाराष्ट्र में छुपा खजाना पाने की चाहत में एक शख्स ने अपनी पत्नी को पचास से भी ज्यादा दिनों तक बहुत कम मात्रा में भोजन देकर जिंदा रखा। घटना चंद्रपुर जिले की है जहां शख्स ने स्वयंभू बाबा के कहने के पत्नी के साथ ऐसा व्यवहार किया। बुधवार (10 जुलाई, 2019) को पुलिस ने बताया कि महिला ने पिछले साल अगस्त में विवाह किया था। शादी के कुछ दिनों बाद एक स्वयंभू बाबा ने उसके पति और ससुराल वालों को बताया कि उन्हें छिपा हुआ खजाना मिलेगा अगर वह भूखी रहेगी। इस दौरान उसे कुछ रीति-रिवाजों का पालन भी करना होगा।

शेगांव पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि ससुराल वालों ने महिला को एक कछुए पर वैदिक अनुष्ठान करने के लिए परेशान करना शुरू कर दिया। जबरन अन्य अनुष्ठान करने को भी कहा गया। अधिकारी के मुताबिक, ‘महिला को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। 50 दिनों तक भोजन की बहुत कम मात्रा पर जीवित रहने को मजबूर किया गया। इस दौरान रोज रात को 2:45 बजे से भोर तक पूजा करने को भी मजबूर किया गया। इस दौरान महिला से कहा गया कि अगर उसने अनुष्ठान के दौरान कोई गलती की तो उसे खूब पीटा जाएगा।’

पुलिस के मुताबिक इस दौरान पीड़िता का मोबाइल भी छीन लिया गया ताकि वह अपने परिजनों से बात ना कर सके। हालांकि इस दौरान उसके पिता बेटी को ससुराल गए तो उन्हें कुछ शक हुआ जिसके बाद पूरे मामले की सच्चाई बाहर आई। वह अपनी बेटी को गंभीर हालत में पाकर हैरान थे। बाद में वह बेटी को घर ले गए जिसने आपबीती सुनाई।

बता दें कि घटना की जानकारी मिलने के बाद महाराष्ट्र अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति ने पुलिस से महिला के पति और उसके परिवार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। महिला के पति और बाबा के खिलाफ एक शिकायत भी दर्ज की गई है। दोनों आरोपियों को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों को गुरुवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। अभी पुलिस मामले की पूरी जांच में जुटी है।