महिला को अश्लील और पोर्नोग्राफिक सामग्री वाले व्हाट्सएप ग्रुप में शामिल करना ग्रुप के एडमिन को महंगा पड़ गया। महिला की शिकायत पर सक्रिय हुई पुलिस ने न सिर्फ एडमिन को गिरफ्तार कर लिया बल्कि ग्रुप के अन्य सदस्यों की तलाश में भी जुटी हुई है। पुलिस की पूछताछ में एडमिन ये कहा कि महिला का नंबर भूलवश ग्रुप में एड हो गया था।
मामला मुंबई का है। मुंबई के माटुंगा पुलिस थाने में एक महिला ने सितंबर 2018 में शिकायत दर्ज करवाई थी। घरेलू महिला का आरोप था कि उसे किसी अंजान शख्स ने व्हाट्सएप पर Triple XXX नाम के ग्रुप में एड कर दिया। पहले महिला ने ये समझा कि ये किसी जाने-पहचाने शख्स का ही मजाक है। लेकिन बाद में जब ग्रुप में पोर्नोग्राफिक कंटेट आने लगा तो महिला के होश्ा उड़ गए। महिला ने इस संबंध में माटुंगा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज करवाया।
पुलिस ने ग्रुप एडमिन के नंबर के सहारे उसकी तलाश शुरू की। पुलिस को पता चला कि आरोपी का नाम मुश्ताक अली (24) है। वह पेशे से बढ़ई है और पश्चिम बंगाल का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी मुश्ताक अली को 22 नवंबर को आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी पर आईटी एक्ट की धारा 67 और 67-ए भी लगाई है।
टाइम्स आॅफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, महिला ने अपनी शिकायत में लिखा है कि ग्रुप में कुल 12 सदस्य थे। वहीं पुलिस अधिकारी मारुति शेल्के ने कहा,”शेख को सियोन-धारावी इलाके से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने नंबर के आधार पर शेख की तलाश शुरू की थी।
अधिकारी ने खुलासा किया कि आरोपी ने ये स्वीकार किया है कि महिला गलती से उस ग्रुप में एड हो गई थी। हालांकि शेख ने अपने बचाव में ये भी कहा है कि ग्रुप निजी इस्तेमाल के लिए बनाया गया था। हालांकि पुलिस ने शेख का मोबाइल फोन जब्त करके फरेंसिक जांच के लिए भेजा है। वहां पर मोबाइल का डेटा वापस हासिल करने की कोशिश होगी। पुलिस ग्रुप के अन्य सदस्यों की तलाश में भी जुटी हुई है।
